पंजाब में भाजपा की सरकार बनने पर नशा बेचने वालों को बाहर करेंगे : नायब सैनी

चंडीगढ़, 16 अगस्त। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि पंजाब में भाजपा के सत्ता में आने के बाद नशा बेचने वालों को राज्य से बाहर खदेड़ दिया जाएगा। जो युवा नशे की गिरफ्त में फंसे हुए हैं, उनके लिए विशेष कदम उठाया जाएगा। युवाओं का नशा छुड़वाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया जाएगा। इसके साथ ही पंजाब में फैली गुंडागर्दी को खत्म करके स्वच्छ प्रशासन दिया जाएगा।
नायब सिंह सैनी रविवार को पंजाब के अमृतसर के रामपुरा में मीडिया के सवालों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने पंजाब की आप सरकार पर चुनावी वादाखिलाफी का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान राज्य में ईमानदार शासन देने का वादा किया था। लेकिन यह सरकार तो पूर्व की कांग्रेस सरकार से भी ज्यादा बड़ी भ्रष्टाचारी निकली। मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि पिछले दिनों एक टावर से नोट उड़े थे और सब लोग जानते हैं कि ये कहां से आए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इन्होंने युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था। लेकिन आज आप पार्टी के एमएलए तथा मंत्रियों के रिश्तेदार और उनके इर्द-गिर्द वाले ही नौकरी पा रहे हैं। इस वजह से राज्य का मेहनती युवा अपने आप को ठगा सा महसूस कर रहा है।
नायब सिंह सैनी ने पिछले दिनों स्वास्थ्य विभाग में पदों की निकली भर्ती लिस्ट का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने खुद कोर्ट के समक्ष स्वीकार किया है कि उनसे गलती हुई है। मुख्यमंत्री ने आगे बताया कि युवा ही नहीं बल्कि महिला और कर्मचारी वर्ग भी राज्य सरकार से काफी परेशान है। उन्होंने कहा कि कोर्ट के आदेश के बाद भी कर्मचारियों को उनका डीए नहीं दिया जा रहा है। यही नहीं, कर्मचारियों को उनका वेतन भी देरी से मिल रहा है। अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने बताया कि हरियाणा में जहां हर जिला में मेडिकल कॉलेज खोला जा रहा है। वहीं दूसरी और पंजाब में कितने कॉलेज खोले गए हैं, पंजाब के मुख्यमंत्री इस बात का जवाब दें।