हेलीमंडी में व्यापार मंडल की नई कार्यकारिणी के गठन को लेकर व्यापारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में पुरानी हेलीमंडी अनाज मंडी के प्रमुख और प्रबुद्ध व्यापारी वर्ग के लोग मौजूद रहे। व्यापारियों के बीच चर्चा और मंत्रणा के बाद युवा व्यापारी नीरज जिंदल को हेलीमंडी व्यापार मंडल का नया अध्यक्ष सर्वसम्मति से चुना गया।
बैठक में मौजूद सभी व्यापारियों ने नीरज जिंदल के नाम पर अपनी सहमति प्रदान की।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष नीरज जिंदल को नई कार्यकारिणी और उसके पदाधिकारियों सहित सदस्यों के चुनाव का सर्वाधिकार भी सौंप दिया गया है। इस अवसर पर हेलीमंडी व्यापार मंडल के पूर्व अध्यक्ष एवं मार्केट कमेटी के पूर्व वाइस चेयरमैन अजय मंगला, दिनेश गोयल, व्यापार मंडल के अध्यक्ष अशोक कुमार, व्यापारी शिवकुमार बंटी, पटौदी जाटोली मंडी परिषद के पार्षद एवं व्यापारी आनंद भूषण गोयल, नरेश कुमार पिंटू, व्यापारी एवं अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी दिलीप छिल्लर, और जितेंद्र जिंदल टिल्लू सहित अन्य व्यापारी उपस्थित रहे।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष नीरज जिंदल ने बैठक में मौजूद सभी व्यापारी भाइयों को आश्वासन दिया कि वह व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए 24 घंटे उपलब्ध रहेंगे।
शासन, प्रशासन और सरकार के साथ मिलकर व्यापारियों तथा व्यापार में आ रही समस्याओं के समाधान के लिए गंभीर प्रयास सामूहिक रूप से किए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि व्यापार मंडल कार्यकारिणी के लिए हमेशा व्यापारी हित सर्वोपरि रहेंगे। इस दौरान बैठक में मौजूद व्यापारी भाइयों द्वारा नीरज जिंदल का फूल माला पहनाकर अभिनंदन किया गया।