गुरुग्राम में निकाय सफाई कर्मचारियों ने मुंडन करवाकर किया विरोध प्रदर्शन, हड़ताल को पूरा हुआ एक महीना

गुरुग्राम में निकाय सफाई कर्मचारियों ने मुंडन करवाकर किया विरोध प्रदर्शन, हड़ताल को पूरा हुआ एक महीना

गुरुग्राम में निकाय सफाई कर्मचारियों की हड़ताल को आज एक महीना पूरा हो गया है। सरकार की तरफ से कर्मचारी हित और कर्मचारियों की मांग पूरी किए जाने के विषय में लगातार विभिन्न प्रकार से सूचनाएं अथवा जानकारी दी जा रही है। लेकिन निकाय सफाई कर्मचारियों को सरकार की इन घोषणाओं पर बिल्कुल भी विश्वास नहीं हो रहा है। यही कारण है कि शनिवार को नगर पालिका, नगर परिषद, नगर निगम के सफाई कर्मचारी और दमकल विभाग के कर्मचारियों की हड़ताल को एक महीना पूरा हो गया है।

पटौदी जाटोली और फरुखनगर के कर्मचारी पहुंचे जिला मुख्यालय

पटौदी जाटोली मंडी परिषद, फरुखनगर और मानेसर के कर्मचारी मुख्यालय पहुंचे हैं। पटौदी जाटोली मंडी परिषद जोन एक और दो के सफाई कर्मचारी नेताओं में शामिल प्रधान ओमप्रकाश, उप प्रधान मोनू कुमार, सचिव देवेंद्र कुमार, कैशियर मोनू, रामनिवास, लालाराम, बसंत कैलाश, संजय, सभी साथियों के साथ शनिवार को गुरुग्राम जिला मुख्यालय पर पहुंचे। उनके साथ में फरुखनगर नगर पालिका के सफाई कर्मचारी और मानेसर निगम के भी सफाई कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

मुंडन करवाकर और पुतला फूंककर जताया विरोध

जिला मुख्यालय पर निकाय सफाई कर्मचारियों ने मुंडन करवाकर अपना विरोध दर्ज करवाया। कर्मचारियों ने सरकार की कथित वादा खिलाफी और अपनी मांगों के समर्थन में मुंडन करवाया। कर्मचारी नेताओं ने इशारे-इशारे में कहा कि मुंडन क्यों और कब करवाया जाता है, यह सभी को मालूम है। कर्मचारी नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की संवेदनाएं मर चुकी हैं। एक दिन पहले ही फरुखनगर नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों के द्वारा मुख्यमंत्री का पुतला फूंककर अपना विरोध दर्ज करवाया गया था। कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की तथा पालिका कार्यालय परिसर में कूड़ा-करकट भी लाकर उड़ेल दिया।

कर्मचारियों का साफ कहना है कि वे अपनी मांगों पर अडिग हैं

कर्मचारियों का कहना है कि वे अपनी मांगों को मनवाने के लिए पूरी तरह से अडिग हैं। सरकार और कर्मचारी यूनियन नेताओं के बीच जो कुछ भी बातचीत अथवा समझौते हुए हैं, उनको ऐसे के ऐसे लागू कर कर्मचारियों को उनका पूरा लाभ उपलब्ध करवाया जाए। पैरोल पर काम करने वाले दमकल कर्मचारियों का भी कहना है कि सरकार उनकी लंबित मांगों पर सहानुभूति सहित गंभीरता पूर्वक विचार करे। कर्मचारियों की मांग किसी कर्मचारी के व्यक्तिगत हित में नहीं होकर कर्मचारियों के समूह के हित की मांगें हैं।

ट्यूबवेल पंप ऑपरेटर भी 4 साल के वेतन की मांग को लेकर हैं हड़ताल पर

पटौदी जाटोली मंडी परिषद के गांवों के ट्यूबवेल पंप ऑपरेटर भी 4 साल के वेतन की मांग कर रहे हैं। पटौदी जाटोली मंडी परिषद के गांव के ट्यूबवेल पंप ऑपरेटर अपनी चार वर्ष से बकाया अथवा लंबित वेतन के भुगतान की मांग को लेकर 31 अगस्त से मोर्चा खोले हुए हैं। दमकल कर्मचारी और ग्रामीण जलकर्मी भी अपनी मांगों को लेकर मोर्चा खोले हुए हैं। अब देखना यह है कि सरकार के द्वारा आम जनता के हित को प्राथमिकता देते हुए आंदोलनकारी कर्मचारियों और यूनियन नेताओं से किस प्रकार संवाद कर राहत उपलब्ध करवाने की पहल की जाती है। कर्मचारियों का यह भी कहना है कि सरकार के द्वारा आंदोलनकारी तथा हड़ताली कुछ कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त किए जाने से आंदोलनकारी कर्मचारियों की एकता और अधिक मजबूत बनेगी।

Share:

Comments

Leave a comment