नीलोखेड़ी विधानसभा में 13 अगस्त को निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा, विधायक भगवानदास कबीरपंथी ने की पहुंचने की अपील

Team Atal Hind11 August 20262 min read26 viewsकरनाल
नीलोखेड़ी विधानसभा में 13 अगस्त को निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा, विधायक भगवानदास कबीरपंथी ने की पहुंचने की अपील

नीलोखेड़ी विधानसभा क्षेत्र के तरावड़ी में 13 अगस्त को भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। देश की आन, बान और शान के प्रतीक तिरंगे के सम्मान में निकलने वाली इस यात्रा को लेकर क्षेत्र के कार्यकर्ताओं एवं लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। इस यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।

नीलोखेड़ी विधानसभा के विधायक भगवानदास कबीरपंथी ने क्षेत्रवासियों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया है कि वे तिरंगा यात्रा में बढ़-चढ़कर भाग लें और राष्ट्रभक्ति के इस आयोजन को भव्य बनाएं। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, वीरता और गौरव का प्रतीक है। देश के वीर जवानों और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को नमन करते हुए प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

बुधवार को सुबह 8:30 बजे नई अनाज मंडी से होगी शुरुआत

विधायक भगवानदास कबीरपंथी के नेतृत्व में आयोजित होने वाली यह तिरंगा यात्रा बुधवार, 13 अगस्त को सुबह 8:30 बजे नई अनाज मंडी तरावड़ी से शुरू होगी। यात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए शहीद भगत सिंह चौक, तरावड़ी में पहुंचकर संपन्न होगी। विधायक कबीरपंथी ने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य युवाओं और आमजन में राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत करना तथा देश की एकता एवं अखंडता का संदेश देना है।

ऐतिहासिक बनाने के लिए हाथों में तिरंगा लेकर शामिल होने की अपील

उन्होंने कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों, युवाओं, महिलाओं एवं क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हों और इसे ऐतिहासिक बनाएं। भगवानदास कबीरपंथी ने कहा कि जब हजारों हाथों में तिरंगा लहराएगा और भारत माता के जयकारों से वातावरण गूंजेगा, तो यह दृश्य निश्चित रूप से हर देशवासी के मन में राष्ट्रप्रेम की नई ऊर्जा का संचार करेगा। उन्होंने सभी से समय पर पहुंचकर अधिक से अधिक संख्या में तिरंगा यात्रा में शामिल होने की अपील की है।

Share:

Comments

Leave a comment