संत निरंकारी मिशन ने मोहाली में लगाया विशाल रक्तदान शिविर, 308 श्रद्धालुओं ने किया स्वेच्छा से रक्तदान

संत निरंकारी मिशन की ओर से मानवता की सेवा के उद्देश्य से संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन द्वारा संत निरंकारी सत्संग भवन, फेज-6, मोहाली में आज फेज-6 ब्रांच द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में कुल 308 निरंकारी श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वेच्छा से रक्तदान किया और समाज सेवा का संदेश दिया। इस रक्तदान शिविर का शुभारंभ दिल्ली से आए ज्ञान प्रचारक श्री इंद्रजीत शर्मा जी और चंडीगढ़ जोन के जोनल इंचार्ज श्री ओ. पी. निरंकारी जी, फेज -6, मोहाली, टीडीआई के मुखी महात्माओं, चंडीगढ़ क्षेत्र के क्षेत्रीय संचालक ने संयुक्त रूप से किया।
रक्तदान मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम: ओ. पी. निरंकारी
इस अवसर पर चंडीगढ़ जोन के जोनल इंचार्ज श्री ओ. पी. निरंकारी जी ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज ने रक्तदान को मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताया है। मानव रक्त का कोई विकल्प भी नहीं है। उन्होंने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में योगदान देने वाली महान सेवा है। प्रत्येक स्वस्थ एवं योग्य व्यक्ति को अपनी क्षमता के अनुसार इस प्रकार की सेवा गतिविधियों में भाग लेना चाहिए। संत निरंकारी मिशन द्वारा अब तक 9,000 से अधिक रक्तदान शिविर लगाए जा चुके हैं जिनमें लगभग 1.5 मिलियन रक्त की यूनिटें दान की जा चुकी हैं।
मानव कल्याण और भाईचारे का संदेश
दिल्ली से आए केंद्रीय प्रचारक श्री इंद्रजीत शर्मा जी ने कहा कि संत निरंकारी मिशन द्वारा समय-समय पर आयोजित किए जाने वाले रक्तदान शिविर मानव कल्याण की भावना को आगे बढ़ाने का कार्य करते हैं। इस प्रकार के आयोजनों के माध्यम से समाज में निस्वार्थ सेवा, मानव एकता, परोपकार और भाईचारे व मिलवर्तन का संदेश दिया जा रहा है। उन्होंने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए निरंकारी बाबा हरदेव सिंह जी महाराज के प्रेरणादायक कथन— “रक्त नालियों में नहीं, नाड़ियों में बहना चाहिए” को जीवन में अपनाकर सतगुरु के संदेश एकत्व को परिपक्व करना है। उन्होंने कहा कि यह संदेश मानवता के प्रति प्रेम, करुणा और सेवा भावना को दर्शाता है। रक्तदान के माध्यम से हम किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन में आशा की नई किरण जगा सकते हैं।
आयोजकों ने जताया आभार
इस अवसर पर मोहाली ब्रांच के इंचार्ज श्री गुलशन लुथरा जी ने प्रचारक श्री इंद्रजीत शर्मा व जोनल इंचार्ज और पीजीआई चंडीगढ़ तथा सिविल अस्पताल फेज 6 के डॉक्टरों की टीम, रक्तदाताओं व अन्य ब्रांचों से पहुंचे श्रद्धालुओं एवं अन्य गण्यमान्य व्यक्तियों का रक्तदान शिविर में पहुंचने पर आभार व धन्यवाद किया।