गुरुग्राम के बोहड़ाकलां में 'रक्तदान महा अभियान' का शुभारंभ, नितिन नबीन ने युवाओं से की नशामुक्ति की अपील

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने गुरुग्राम के बोहड़ाकलां स्थित ओम शांति रिट्रीट सेंटर (ओआरसी) में 'रक्तदान महा अभियान' का शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए उन्होंने कहा कि रक्तदान केवल एक प्रक्रिया नहीं, बल्कि सेवा भाव को जगाने और विश्व बंधुत्व की भावना को सुदृढ़ करने का सबसे पवित्र माध्यम है। उन्होंने कहा कि रक्तदान से व्यक्ति को आत्म-संतुष्टि मिलती है और आज इस अभियान से नई पीढ़ी का जुड़ना एक शुभ संकेत है। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि युवा शक्ति को रक्तदान के साथ-साथ नशामुक्ति के संकल्प से भी जुड़ना होगा। उन्होंने ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ज्ञान ही जीवन को सही दिशा देता है।
प्राचीन योग पद्धति और वैश्विक प्रभाव
समारोह के दौरान भारतीय संस्कृति और योग के वैश्विक प्रभाव को रेखांकित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि आज भारत की प्राचीन योग पद्धति सरहदों को लांघकर पूरे विश्व में अपनी पहचान बना चुकी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ऐतिहासिक पहल का उल्लेख करते हुए कहा कि माननीय प्रधानमंत्री जी के दूरदर्शी प्रयासों के कारण ही भारत का योग आज अंतरराष्ट्रीय मंचों पर स्थापित होकर एक विश्वव्यापी जन-आंदोलन का रूप ले चुका है।
रक्तदान के साथ 'मूल्यों का दान' आवश्यक
अध्यक्षीय संबोधन में ओआरसी की निदेशिका आशा दीदी ने कहा कि रक्तदान के साथ-साथ समाज में नैतिक मूल्यों का दान करना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यह परिवर्तन राजयोग और अध्यात्म के माध्यम से ही संभव है। उनके अनुसार योग के निरंतर अभ्यास से केवल आत्मा में ही नहीं, बल्कि मनुष्य की प्रवृत्ति और रक्त के कण-कण में सकारात्मक बदलाव आता है।
अंतरराष्ट्रीय रक्तदान अभियान की रूपरेखा
पूर्व मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि की स्मृति में यह महाअभियान 21 से 25 अगस्त तक पूरे भारत के साथ-साथ नेपाल में भी आयोजित किया जाएगा। वर्ष 2025 में संस्थान के प्रयासों से रिकॉर्ड 88,500 यूनिट रक्तदान एकत्र किया गया था। समारोह में बीके चांद ने प्रेरणादायी थीम सॉन्ग प्रस्तुत किया, वहीं कलाकारों द्वारा रक्तदान के महत्व पर एक प्रभावी नाटक का मंचन किया गया।
रक्तदान महा अभियान में उपस्थित गणमान्य लोग
मुंबई से आए बीके ई.वी. गिरीश ने अभियान की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की जबकि माउंट आबू से आए राजयोगी बीके अवतार ने स्वागत वक्तव्य दिया। इस कार्यक्रम में राजयोगिनी दिव्या प्रभा दीदी, 'ब्लड मैन ऑफ बिहार' मुकेश हिसारिया, डॉ. मेघा एवं डॉ. प्रमोद कुमार ने भी अपनी शुभकामनाएं व्यक्त की। समारोह के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सिद्धार्थ यादव, सोहना विधायक तेजपाल तंवर, जिलाध्यक्ष अजीत सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। मंच संचालन बीके विधात्री एवं बीके सरिता ने किया, जबकि अंत में माउंट आबू से आए बीके वीरेंद्र ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।