जींद में नशा रोकने को लेकर पुलिस अधीक्षक से मिली नौगामा खाप, पीसीआर तैनात करने की मांग

जींद में बुधवार को नौगामा खाप ने नशा रोकने को लेकर एसपी कुलदीप सिंह से मुलाकात की। नौगामा खाप ने गांव गुलकनी में पीसीआर तैनात करने की मांग की। जिस पर एसपी कुलदीप ने नौगामा खाप को आश्वासन दिया कि गांव में पीसीआर को तैनात कर दिया जाएगा। सूचना तथा लोकेशन भेजने के साथ तुरंत पुलिस सहायता उपलब्ध होगी।
हांसी रोड के अंतिम गांव गुलकनी का मामला
नौगामा खाप के प्रधान जयबीर लोहान के नेतृत्व में एसपी से मिले लोगों ने बताया कि हांसी रोड पर जिले का अंतिम गांव गुलकनी है। पड़ोसी गांव राजथल में कुछ लोग नशे का कारोबार करते हैं। गांव की पंचायत ने सतरोल खाप के साथ मिलकर नशा तस्करों तथा बेचने वालों पर दबाव बढ़ा दिया है। पंचायत नशा बेचने वालों तथा खरीदने वालों को पकड़ कर पुलिस को सौंप रही है। ऐसे हालात में नशे के कारोबार से जुड़े लोगों ने आसपास गांव की तरफ अपनी गतिविधियां बढ़ा दी हैं।
नौगामा खाप अपने इलाके को रखना चाहती है नशा मुक्त
नौगामा खाप अपने इलाके को पूरी तरह नशा मुक्त रखना चाहती है। उन्होंने बताया कि नशा सप्लायर छोटे बच्चों, लड़कियों तथा महिलाओं को नशा तस्करी में प्रयोग कर रहे हैं। ऐसे हालात में नशा तस्करी में संलिप्त लोग महिलाओं तथा लड़कियों को हथियार बना कर ओछे लांछन लगाने से भी बाज नहीं आते। नौगामा खाप ने मांग की कि गांव गुलकनी में स्थायी रूप से पीसीआर को तैनात किया जाए ताकि नशे की तस्करी को रोका जा सके और नशेड़ियों पर शिकंजा कसा जा सके।
एसपी कुलदीप सिंह ने दिया आश्वासन
एसपी कुलदीप सिंह ने नौगामा खाप को आश्वासन दिया कि गांव गुलकनी में पीसीआर को तैनात कर दिया जाएगा। नशे की सूचना देने तथा लोकेशन भेजने के साथ पांच मिनट में पुलिस सहायता मिल जाएगी। इस मौके पर नौगामा खाप के प्रवक्ता उमेद जागलान, धर्मपाल, भरत सिंह, अजमेर ढुल, राजेंद्र बीबीपुर, प्रकाश लोहान, रामपाल सरपंच समेत काफी संख्या में नौगामा खाप के लोग मौजूद रहे।