नूंह में बड़ा एक्शन: केएमपी एक्सप्रेसवे पर कैंटर से 5664 बोतल अवैध शराब बरामद, दो गिरफ्तार

नूंह जिले के रोजका मेव थाना क्षेत्र में फिरोजपुर झिरका के सीएस स्टाफ ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 5664 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब से भरे कैंटर को केएमपी एक्सप्रेसवे पर गांव खेड़ा खलीलपुर के पास नाकाबंदी के दौरान पकड़ा है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस प्रवक्ता ने शुक्रवार को इस पूरी कार्रवाई की जानकारी दी है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सीएस स्टाफ फिरोजपुर झिरका की टीम इलाके में गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि खेड़ा खलीलपुर के पास से केएमपी एक्सप्रेसवे के रास्ते अवैध शराब से भरा एक कैंटर गुजरने वाला है। इस सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल प्रभाव से नाकाबंदी कर दी और सभी आने-जाने वाले वाहनों की गहन जांच शुरू कर दी।
जांच के दौरान पुलिस ने एक महिंद्रा कैंटर को रुकने का इशारा किया और रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी लेने के दौरान कैंटर में कार्टन के कट्टों के पीछे बहुत ही शातिर तरीके से छिपाकर रखी गई अंग्रेजी शराब की 472 पेटियां बरामद हुईं। इन सभी पेटियों की गिनती करने पर कुल 5664 बोतल शराब मिली है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने शराब की पेटियों को इस तरह से छिपाया था कि पहली नजर देखने पर कैंटर में केवल कार्टन का सामान्य सामान भरा हुआ ही दिखाई दे रहा था।
पुलिस ने कैंटर में सवार दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान नवीन जो कि खरावड़ जिला रोहतक का निवासी है और हाल में वहीं रहता है तथा राकेश राठौर जो कि ईदगाह कॉलोनी पानीपत का निवासी है, के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर आबकारी विभाग के अधिकारियों को बुलाया गया और उनके सामने शराब की जांच कराई गई।
जांच के दौरान आरोपी शराब से संबंधित कोई भी वैध लाइसेंस, परमिट अथवा बिल प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि शराब की यह पूरी खेप पंजाब से लोड की गई थी। आरोपियों ने यह भी बताया कि इस अवैध शराब को पंजाब से लाकर पश्चिम बंगाल ले जाया जा रहा था।
इस संबंध में रोजका मेव थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों से लगातार पूछताछ कर रही है। पुलिस इस अवैध शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क का गहराई से पता लगाने का पूरा प्रयास कर रही है।