नूंह पुलिस ने अधिवक्ता के घर हुई 20 लाख रुपये की चोरी के मामले में तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

नूंह पुलिस ने अधिवक्ता के घर हुई 20 लाख रुपये की चोरी के मामले में तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

नूंह शहर में बीती छह अगस्त को एक अधिवक्ता के मकान में हुई करीब 20 लाख रुपये की चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। थाना शहर नूंह पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की रकम में से लाखों रुपये की नकदी, चोरी के पैसों से बनवाई गई सोने की चेन और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

अधिवक्ता के घर से हुई थी नकदी और आभूषणों की चोरी

थाना शहर नूंह प्रभारी कुलदीप सिंह ने गुरुवार को बताया कि 6 अगस्त को वार्ड नंबर-10, आर्य समाज मंदिर के पास रहने वाले अधिवक्ता पंकज गुप्ता ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, रात के समय अज्ञात चोर मकान का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए थे। चोर अलमारी में रखी करीब 20 लाख रुपये की नकदी के अलावा सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए थे। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से की जांच

वारदात को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की थी। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के साथ साइबर सेल की मदद से तकनीकी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में तीन युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर आते और मकान का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देते स्पष्ट दिखाई दिए थे।

पुलिस ने तीनों आरोपियों से नकदी, सोने की चेन और मोटरसाइकिल की बरामद

पुलिस ने 14 अगस्त को अलवर जिले के बैरावास निवासी उमरदीन उर्फ कुक्कल को गिरफ्तार किया था। उसकी निशानदेही पर 15 अगस्त को सामोला निवासी अब्दुल्ला उर्फ अजरुद्दीन तथा 16 अगस्त को शाहपुर नंगली निवासी मुस्तकीम को गिरफ्तार किया गया। पुलिस पूछताछ और रिमांड के दौरान आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर बरामदगी की गई। उमरदीन के कब्जे से चोरी की रकम में से 6 लाख 30 हजार रुपये नकद बरामद हुए। अब्दुल्ला उर्फ अजरुद्दीन के घर से 4 लाख रुपये नकद और चोरी की रकम से बनवाई गई सोने की चेन बरामद की गई। तीसरे आरोपी मुस्तकीम के कब्जे से 78 हजार 500 रुपये नकद तथा वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद हुई। तीन आरोपियों की गिरफ्तारी से पुलिस ने वारदात का खुलासा करते हुए चोरी की बड़ी रकम बरामद करने में बड़ी सफलता हासिल की है।

Share:

Comments

Leave a comment