नूंह में प्रदूषण फैलाने के आरोप में बड़ा एक्शन, फेयर एक्सपोर्ट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड बूचड़खाना सील

नूंह जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है।हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने नूंह के मांडीखेड़ा के पास जलालपुर गांव में संचालित फेयर एक्सपोर्ट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड बूचड़खाने को सील कर दिया है।यह कार्रवाई नियमों में खामियां पाए जाने के बाद की गई है।यह पूरा मामला फिरोजपुर झिरका से कांग्रेस विधायक मामन खान इंजीनियर की शिकायत के बाद सामने आया है।
ग्रामीणों लंबे समय से कर रहे थे शिकायत
विधायक मामन खान ने बताया कि इस बूचड़खाने को लेकर आसपास के ग्रामीण लंबे समय से शिकायतें कर रहे थे।ग्रामीणों का यह गंभीर आरोप था कि बूचड़खाने से निकलने वाले पशु अवशेष, मल-मूत्र और खून युक्त गंदा पानी खुले में बहाया जा रहा था।इस वजह से आसपास के क्षेत्र में भारी दुर्गंध और गंभीर प्रदूषण की समस्या लगातार पैदा हो रही थी।
विधानसभा कमेटी के सामने उठाया गया मुद्दा
विधायक मामन खान के अनुसार उन्होंने स्वयं मौके का निरीक्षण किया था।मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने इस मुद्दे को विधानसभा की प्रदूषण कमेटी के समक्ष भी प्रमुखता से उठाया था।इसके बाद प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की तरफ से यह सख्त कार्रवाई करते हुए बूचड़खाने को सील कर दिया गया है।
विधायक ने की राजनीतिक दलों से अपील
विधायक ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई केवल एक संस्थान तक सीमित नहीं रहेगी।जहां भी नियमों का उल्लंघन पाया जाएगा, वहां कार्रवाई की मांग को लेकर वह लगातार अपनी आवाज उठाते रहेंगे।उन्होंने सभी राजनीतिक दलों के नेताओं से भी यह अपील की है कि मेवात क्षेत्र के लोगों को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त वातावरण देने के लिए सभी को एकजुट होकर काम करना चाहिए।विधायक ने इस पूरी कार्रवाई को ग्रामीणों की शिकायत और उनके लंबे समय से चले आ रहे संघर्ष की एक बड़ी जीत बताया है।