किसानों को फसल का समय पर भुगतान और हर कार्य में पारदर्शिता सुनिश्चित करें अधिकारी : डीसी

किसानों को फसल का समय पर भुगतान और हर कार्य में पारदर्शिता सुनिश्चित करें अधिकारी : डीसी
 

** डीसी वर्षा खांगवाल के निर्देश पर जिले की अनाज मंडियों में अधिकारियों ने लिया बाजरा खरीद व्यवस्थाओं का जायजा

 गेट पास, सीसीटीवी, फसल उठान और अटल कैंटीन सहित सुविधाओं का किया निरीक्षण,

 किसानों व आढ़तियों की समस्याएं सुनकर समाधान के दिए निर्देश **

डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि अनाज मंडियों में किसानों को प्रवेश करने और गेट पास बनवाने में किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी या देरी नहीं होनी चाहिए। निर्धारित प्रक्रिया के तहत किसानों को समय पर गेट पास जारी किए जाएं और उनकी फसल का भुगतान निर्धारित समय पर सुनिश्चित किया जाए। खरीद प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में पारदर्शिता बनाए रखना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। डीसी के मार्गदर्शन में शुक्रवार को जिले की विभिन्न अनाज मंडियों में अधिकारियों ने दौरा कर बाजरा खरीद व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान झज्जर अनाज मंडी में एसडीएम रवि मीणा, बहादुरगढ़ अनाज मंडी में एसडीएम अभिनव सिवाच, ढाकला अनाज मंडी में जीएम अनीत यादव, बेरी अनाज मंडी में एसडीएम रेणुका नांदल, पाटोदा अनाज मंडी में सीटीएम रितु, बादली अनाज मंडी में एसडीएम विशाल, मातनहेल अनाज मंडी में सीईओ मनीष तथा दूबलधन माजरा अनाज मंडी में ईओ सिद्धार्थ ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंडियों में बाजरे की आवक, खरीद प्रक्रिया, गुणवत्ता जांच, फसल उठान तथा किसानों को उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं की स्थिति देखी। उन्होंने गेट पास जारी करने की व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी और मंडी परिसर में किसानों की सुविधा से जुड़े प्रबंधों की भी जांच की। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि खरीद प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार सुचारू और पारदर्शी ढंग से संचालित की जाए। डीसी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडियों में किसानों के लिए साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय और अटल कैंटीन सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहें। खरीदी गई फसल का उठान समय पर करवाया जाए, ताकि मंडियों में अनावश्यक भीड़ न बढ़े और किसानों को अपनी उपज बेचने में परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि खरीद प्रक्रिया की लगातार निगरानी की जाए और संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने किसानों और आढ़तियों की समस्याएं भी सुनी तथा संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर उनका समाधान करने के निर्देश दिए।

About the Author

Atal Hind Team Online
Atal Hind Team Online

9447 Articles