Luxury Watch Launch: रामलला के नाम पर लॉन्च हुई 31 लाख की लग्जरी घड़ी, दुनिया में सिर्फ 108 पीस होंगे उपलब्ध
स्विट्जरलैंड की प्रसिद्ध प्रीमियम वॉच निर्माता कंपनी 'फ्रैंक मुलर' (Franck Muller) ने भारत के लिए एक बेहद खास और सीमित संस्करण की लग्जरी घड़ी बाजार में उतारी है। कंपनी ने अपनी वैन्गार्ड (Vanguard) सीरीज के तहत इसे 'राम लला' (Ram Lalla) लिमिटेड एडिशन नाम दिया है।
31.25 लाख रुपये की कीमत वाली इस लग्जरी घड़ी की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह सीधे तौर पर अयोध्या के भव्य राम मंदिर में विराजमान भगवान श्री राम के बाल स्वरूप को समर्पित है। 'फ्रैंक मुलर वैन्गार्ड राम लला' घड़ी का डिजाइन भारतीय सांस्कृतिक धरोहर और आस्था को स्विस वॉचमेकिंग की बेहतरीन कारीगरी के साथ पेश करता है।
<strong>लेजर तकनीक से 30 घंटे में तैयार हुआ 3D डायल</strong>
इस महंगी टाइमपीस का मुख्य अट्रैक्शन इसका यूनिक 3D डायल है। इस डायल के ठीक बीच में रामलला की बहुत ही बारीक और सुंदर आकृति उकेरी गई है। कंपनी की मानें तो, इस खास डिजाइन को बनाने में एडवांस लेजर तकनीक का सहारा लिया गया है। इस बारीकी को निखारने और डायल को पूरी तरह तैयार करने में कारीगरों को पूरे 30 घंटे का टाइम लगा।
<strong>18 कैरेट रोज गोल्ड से बना है शानदार केस</strong>
घड़ी के डायल के साथ-साथ इसकी बाहरी बनावट भी पूरी तरह से राजसी है। इसका केस 18 कैरेट रोज गोल्ड के एक ठोस ब्लॉक से तराश कर बनाया गया है। अगर इसके साइज के बारें में बताए तो, तो इस केस की चौड़ाई 41 मिलीमीटर और लंबाई 49.95 मिलीमीटर है। यह परफेक्ट साइज और सोने की चमक इसे कलाई पर एक बेहद प्रीमियम और आकर्षक लुक देती है।
<strong>पूरी दुनिया के लिए बनी हैं मात्र 108 घड़ियां</strong>
चूंकि यह एक लिमिटेड एडिशन सीरीज है, इसलिए कंपनी ने इसका बड़े पैमाने पर उत्पादन नहीं किया है। फ्रैंक मुलर ने इस 'रामलला' मॉडल की पूरी दुनिया के लिए केवल 108 घड़ियां ही बनाई हैं। यानी विश्वभर में केवल 108 लोग ही ऐसे होंगे जिनके पास यह खास घड़ी खरीदने और पहनने का मौका होगा।
