Sukanya Samriddhi Yojana: छोटी सी बचत से बेटी के भविष्य में जुड़ेंगे 70 लाख! जानें SSY खाते से जुड़े नियम और किसके नाम पर खुलवा सकते हैं अकाउंट

आज के दौर में माता-पिता अपने बच्चों की उच्च शिक्षा और शादी जैसे बड़े खर्चों की प्लानिंग पहले से ही शुरू कर देते हैं। इसके लिए अधिकांश लोग ऐसी सरकारी योजनाओं में निवेश करना पसंद करते हैं, जहां पूंजी सुरक्षित रहने के साथ-साथ बेहतर रिटर्न भी मिले।
 

<strong>Sukanya Samriddhi Yojana:</strong> आज के दौर में माता-पिता अपने बच्चों की उच्च शिक्षा और शादी जैसे बड़े खर्चों की प्लानिंग पहले से ही शुरू कर देते हैं। इसके लिए अधिकांश लोग ऐसी सरकारी योजनाओं में निवेश करना पसंद करते हैं, जहां पूंजी सुरक्षित रहने के साथ-साथ बेहतर रिटर्न भी मिले। केंद्र सरकार की सुकन्या समृद्धि योजना (Sukanya Samriddhi Yojana) एक ऐसी ही लोकप्रिय बचत योजना है, जिसके जरिए बेटी के भविष्य के लिए लाखों रुपये का बड़ा फंड जोड़ा जा सकता है।

इस योजना पर वर्तमान में 8.2 फीसदी सालाना ब्याज दिया जा रहा है। यदि माता-पिता हर साल अधिकतम 1.5 लाख रुपये का निवेश करते हैं, तो लंबी अवधि में 70 लाख रुपये से अधिक का फंड तैयार किया जा सकता है। हालांकि, कई लोगों के मन में यह सवाल रहता है कि क्या इस स्कीम में बेटे के नाम पर भी खाता खुलवाया जा सकता है या यह लाभ केवल बेटियों तक ही सीमित है? आइए समझते हैं SSY के प्रमुख नियम, निवेश और रिटर्न का पूरा गणित। बेटी या बेटे, किसके नाम पर खुल सकता है SSY अकाउंट? सुकन्या समृद्धि योजना को विशेष रूप से बेटियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से शुरू किया गया है। इस कारण योजना के तहत केवल बालिका के नाम पर ही खाता खोला जा सकता है। यदि आपके घर में बेटे का जन्म हुआ है, तो उसके नाम से SSY अकाउंट नहीं खुलवाया जा सकता।

हालांकि, जिन परिवारों में बेटा और बेटी दोनों हैं, वहां माता-पिता अपनी बेटी के नाम पर इस योजना का लाभ उठा सकते हैं। खाता खुलवाने के लिए बेटी की आयु 10 वर्ष से कम होनी अनिवार्य है। बच्ची के माता-पिता या कानूनी अभिभावक उसके नाम से यह खाता खोल सकते हैं।

सामान्य नियमों के तहत एक परिवार में अधिकतम दो बेटियों के नाम पर ही खाते खोले जा सकते हैं। हालांकि, जुड़वां या एक साथ तीन बेटियों के जन्म जैसी विशेष परिस्थितियों में नियमों के अनुसार दो से अधिक खाते खोलने की भी छूट दी गई है।

इस योजना से जुड़ी प्रमुख बातें इस प्रकार हैं: न्यूनतम सालाना निवेश: 250 रुपये अधिकतम सालाना निवेश: 1.5 लाख रुपये मौजूदा ब्याज दर: 8.2 फीसदी सालाना निवेश की अवधि: खाता खुलने के बाद 15 साल मैच्योरिटी: खाता खुलने के 21 साल बाद

<strong>हर साल 1.5 लाख रुपये जमा करने पर कितना मिलेगा?</strong>

सुकन्या समृद्धि योजना में एक वित्त वर्ष के दौरान अधिकतम 1.5 लाख रुपये जमा किए जा सकते हैं। अगर आप बेटी के जन्म के तुरंत बाद खाता खुलवाते हैं और हर साल इसमें 1.5 लाख रुपये का निवेश करते हैं, तो 15 साल में आपका कुल निवेश 22.5 लाख रुपये होगा।

अब अगर उदाहरण के तौर पर 8.2 फीसदी ब्याज दर पूरी अवधि में समान बनी रहती है और हर साल की शुरुआत में निवेश किया जाता है, तो 21 साल की मैच्योरिटी पर करीब 71.8 लाख रुपये का फंड तैयार हो सकता है।

इसमें लगभग 22.5 लाख रुपये आपका कुल निवेश होगा, जबकि करीब 49.3 लाख रुपये ब्याज से मिलेंगे। इस तरह कंपाउंडिंग की ताकत से छोटी उम्र में शुरू किया गया निवेश बेटी के भविष्य के लिए बड़ा फंड तैयार कर सकता है।

ध्यान रखें कि यह एक अनुमान है। वास्तविक रिटर्न भविष्य में सरकार की ओर से तय की जाने वाली ब्याज दरों और जमा करने के समय पर निर्भर करेगा।

About the Author

Renu Sharma
Renu Sharma

9447 Articles