वृंदावन के राधा केलि कुंज आश्रम में साधक की मौत और लापता युवकों की बरामदगी पर उठे गंभीर सवाल
वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम से जुड़े एक मामले में <strong>साधक रसिक दुलारी शरण की मौत के आठ दिन बाद राधा केलि कुंज आश्रम की ओर से पहला लिखित बयान</strong> जारी किया गया है। ट्रस्ट द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि साधक की मौत से महाराज और परिकर काफी आहत हैं। ट्रस्ट ने साधक के परिवार के प्रति अपनी पूरी संवेदना और सहानुभूति व्यक्त की है। आश्रम का कहना है कि घटना की निष्पक्ष और तथ्यात्मक जांच में पुलिस प्रशासन का पूरा सहयोग किया जा रहा है। जांच पूरी होने तक सभी श्रद्धालु और आमजन किसी प्रकार की अपुष्ट जानकारी या अफवाह के आधार पर महाराज की छवि धूमिल करने का प्रयास न करें।
आश्रम की चुप्पी और गुरूडम पर उठे सवाल
<strong>सवाल उठता है कि शिष्य तो एक गुरु के लिए निज संतान से भी प्रिय होता है</strong>, लेकिन महाराज ने एक दीक्षित शिष्य की बेहद संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या की घटना के बाद भी एक बयान या शोक संदेश तक क्यों नहीं जारी किया। क्या हमारी सनातन संस्कृति में कभी ऐसा होता है और इस तरह की चुप्पी किसी गहरी साजिश का संकेत करती है। वहीं आठ दिन बाद आश्रम का नपा-तुला लिखित बयान केवल एक औपचारिकता मात्र लग रहा है। कुछ लोग ब्रेनवाश कर सैकड़ों हिंदू युवाओं को ऐसे भ्रमजाल में फंसाते हैं और उनके जीवन को अपनी सेवा में समर्पित करा साधना के नाम पर बंधुआ बेकारी में लगा देते हैं।
लापता युवकों की सकुशल बरामदगी
<strong>उधर जिन दो लापता युवकों की गुमशुदगी को लेकर उनके परिजनों द्वारा केली कुंज पर धरना दिया जा रहा था</strong>, उन दोनों परिवारों को उनके घर के चिराग सकुशल वापस मिल गए हैं। हाथरस के सादाबाद के अनुज चौधरी के बाद पुलिस ने कासगंज के मयंक चौहान को भी सकुशल बरामद कर लिया है। मयंक की बरामदगी प्रयागराज के दारागंज इलाके से होने का दावा किया गया है। मयंक के परिजन उसे लेने के लिए प्रयागराज रवाना हो चुके हैं, जबकि अनुज को सादाबाद पुलिस द्वारा न्यायालय में पेश किया जाएगा।
सोशल मीडिया पर डेमेज कंट्रोल और युवाओं का पलायन
<strong>सोशल मीडिया पर प्रेमानंद आश्रम में आत्महत्या मामले से हुई बदनामी के डेमेज कंट्रोल के लिए</strong> कई सोशल मीडिया टूलकिट सक्रिय हो गई हैं। इनके द्वारा सैकड़ों और हजारों सोशल मीडिया पेजों और अकाउंट के जरिए एक सुर में महाराज जी का गुणगान और इमोशनल छवि बनाने का प्रयास किया जा रहा है। यह सब सोशल मीडिया पर वायरल रीलों का प्रभाव है कि कितने परिवारों के युवा जीवन से पलायन कर गुरुओं की ओर आकर्षित हो जाते हैं। अभिभावकों के लिए यह जरूरी है कि वे अपनी संतानों को जागरूक करें और सीधे ईश्वर में श्रद्धा रखें ताकि ऐसे प्रपंचों से बचा जा सके।
