# सेवा संकल्प अभियान: मोदी के 25 साल पर सिर्फ जश्न? नरेंद्र दामोदरदास मोदी की दाल गल ही नहीं रही तो रोज कुछ न कुछ नया अभियान चलाना पड़ रहा है? कभी सेवा, कभी संकल्प, कभी ज्योति, कभी यात्रा, कभी आशीर्वाद, कभी संवाद, कभी सुशासन और कभी विकसित भारत। देश चल रहा है या लगातार अभियानों की प्रयोगशाला बन गया है, यह समझना अब मुश्किल होता जा रहा है। प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर भारतीय जनता पार्टी ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू किया है और इसके तहत पूरे देश में एक के बाद एक कार्यक्रमों की ऐसी श्रृंखला तैयार की गई है, मानो देश की सबसे बड़ी समस्या ही यह हो कि मोदी जी के 25 साल पूरे होने का जश्न कैसे मनाया जाए। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान में सेवा की ज्योति से लेकर आशीर्वाद के दीये तक, नमो सेवा की कहानियों से लेकर सेवा सेतु तक, वडनगर से वाराणसी यात्रा से लेकर सुशासन संवाद तक और इनोवेशन चैलेंज से लेकर सेवा के रंग राष्ट्र के संग तक कई कार्यक्रम रखे गए हैं। कहीं रक्तदान होगा, कहीं पौधारोपण होगा, कहीं स्वास्थ्य शिविर लगेगा, कहीं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान होगा, कहीं सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क किया जाएगा और कहीं प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन की उपलब्धियां जनता तक पहुंचाई जाएंगी। यानी सेवा भी होगी और प्रचार भी, संकल्प भी होगा और समारोह भी, यात्रा भी होगी और जयकारा भी। अब सात अक्टूबर को ‘सेवा-ज्योति’ कार्यक्रम और सेवा ज्योति कलश यात्रा की तैयारी है। जिला मुख्यालयों पर कार्यक्रम होंगे, यात्राएं निकलेंगी, मशाल और कलश के माध्यम से सेवा का संदेश दिया जाएगा। दिल्ली से लेकर राज्यों के जिलों तक इसकी गूंज सुनाई देगी। सवाल यह नहीं है कि सेवा-ज्योति क्यों जलाई जा रही है। सवाल यह है कि आखिर सरकार को हर सेवा के लिए एक नया अभियान क्यों चाहिए? अगर सेवा सरकार का मूल धर्म है तो वह किसी प्रधानमंत्री के जन्मदिन, राजनीतिक जीवन की वर्षगांठ या पार्टी के अभियान से बंधी हुई क्यों दिखाई देती है? गरीब का इलाज कराने के लिए अभियान क्यों चाहिए? किसान की समस्या हल करने के लिए अभियान क्यों चाहिए? बेरोजगार युवा की मदद करने के लिए अभियान क्यों चाहिए? किसी बुजुर्ग को पेंशन दिलाने के लिए अभियान क्यों चाहिए? किसी गांव में सड़क, पानी या बिजली पहुंचाने के लिए अभियान क्यों चाहिए? अगर शासन की मशीनरी ठीक से काम कर रही है तो नागरिक को सरकारी योजना का लाभ लेने के लिए किसी शिविर, यात्रा या विशेष अभियान का इंतजार क्यों करना पड़े? यही तो असली सवाल है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ में ‘सेवा सेतु’ के जरिए सरकारी योजनाओं से वंचित लोगों तक पहुंचने की बात कही गई है। यह सुनने में बहुत अच्छा लगता है। लेकिन सवाल यह है कि सामान्य प्रशासन किस दिन जनता तक पहुंचेगा? अगर गरीब आदमी को सरकारी योजना का लाभ दिलाने के लिए अलग से अभियान चलाना पड़ रहा है, तो फिर रोजमर्रा का शासन किस काम का है? अगर किसी विधवा को पेंशन के लिए शिविर चाहिए, किसान को योजना के लिए अभियान चाहिए, मजदूर को दस्तावेज के लिए विशेष कार्यक्रम चाहिए और गरीब को सरकारी सुविधा पाने के लिए किसी नेता की मौजूदगी चाहिए, तो फिर सरकारी दफ्तरों की पूरी व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है। सेवा का सबसे बड़ा प्रमाण पोस्टर नहीं, परिणाम होता है। फोटो नहीं, सुविधा होती है। मंच नहीं, समाधान होता है। लेकिन आज राजनीति का पूरा चरित्र ही बदल गया है। काम जितना हो रहा है उससे ज्यादा उसका प्रचार हो रहा है। योजना शुरू होती है तो उद्घाटन, फिर प्रचार, फिर अभियान, फिर सम्मेलन, फिर संवाद और अंत में उसकी उपलब्धियों का नया प्रचार। जनता सोचती रह जाती है कि आखिर जिस काम के लिए सरकार बनी थी, वह काम कब होगा? मोदी सरकार और भाजपा के समर्थक निश्चित रूप से इन अभियानों को जनभागीदारी और सेवा की राजनीति कहेंगे। इसमें कोई बुराई भी नहीं है। रक्तदान हो, पौधारोपण हो, स्वास्थ्य शिविर हो या आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान, समाज के लिए उपयोगी काम हैं और होने भी चाहिए। लेकिन सवाल तब खड़ा होता है जब इन सामाजिक गतिविधियों को किसी एक व्यक्ति के राजनीतिक जीवन की उपलब्धियों के प्रचार से जोड़ दिया जाता है। सेवा अगर सेवा है तो उसे किसी चेहरे की जरूरत नहीं होनी चाहिए। सेवा का चेहरा जनता होनी चाहिए, सेवा पाने वाला नागरिक होना चाहिए और उसका परिणाम समाज के सामने होना चाहिए। ‘वडनगर से वाराणसी यात्रा’ भी इसी अभियान का हिस्सा है। प्रधानमंत्री के जन्मस्थान वडनगर से उनके लोकसभा क्षेत्र वाराणसी तक यात्रा का संदेश दिया जाएगा। सवाल यह है कि देश को यात्रा चाहिए या विकास की वह राह चाहिए जिस पर गांव का गरीब, किसान, मजदूर और युवा बिना किसी राजनीतिक नारे के आगे बढ़ सके? पिछले कुछ वर्षों में अभियान राजनीति का एक नया मॉडल बन चुका है। कोई समस्या उठी तो अभियान। कोई उपलब्धि बतानी हुई तो अभियान। कोई विशेष दिन आया तो अभियान। कोई राजनीतिक संदेश देना हुआ तो अभियान। अब हालत यह है कि जनता को कभी-कभी यह समझना मुश्किल हो जाता है कि कौन सा अभियान किस समस्या के लिए है और कौन सा अभियान किस राजनीतिक अवसर के लिए। प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष निश्चित रूप से एक बड़ा राजनीतिक पड़ाव है। उनके समर्थकों को इसे मनाने का अधिकार है। लेकिन लोकतंत्र में उपलब्धि का उत्सव तभी सार्थक होता है जब उपलब्धि पर सवाल पूछने की आजादी भी हो। 25 वर्ष पूरे हुए हैं तो जनता यह भी पूछेगी कि इन 25 वर्षों में कितने अभियान चले और कितनी समस्याएं खत्म हुईं? कितनी यात्राएं निकलीं और कितने गांवों की तस्वीर बदली? कितनी ज्योतियां जलीं और कितने घरों का अंधेरा दूर हुआ? कितने संवाद हुए और कितने सवालों के जवाब मिले? क्योंकि लोकतंत्र में सरकार का मूल्यांकन नारों की संख्या से नहीं होता। सरकार कितने कार्यक्रम कराती है, इससे जनता का पेट नहीं भरता। जनता यह देखती है कि उसके घर में पानी आया या नहीं, अस्पताल में डॉक्टर मिला या नहीं, स्कूल में शिक्षक पहुंचा या नहीं, किसान को फसल का उचित दाम मिला या नहीं, युवा को रोजगार मिला या नहीं और भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई हुई या नहीं। आज जरूरत एक और अभियान की नहीं, व्यवस्था को अभियान-मुक्त करने की है। ऐसी व्यवस्था की जरूरत है जिसमें सेवा के लिए विशेष दिन घोषित न करना पड़े। सरकारी अधिकारी को जनता की समस्या सुनने के लिए मंच पर बुलाना न पड़े। गरीब को योजना का लाभ लेने के लिए नेता के साथ फोटो खिंचवाने की जरूरत न पड़े। किसान को अपनी बात कहने के लिए यात्रा में शामिल न होना पड़े और युवा को रोजगार के लिए किसी सम्मेलन का इंतजार न करना पड़े। सेवा की असली ज्योति तब जलेगी जब सरकारी दफ्तर में बिना सिफारिश काम होगा। सुशासन तब होगा जब नागरिक को अपने अधिकार के लिए दर-दर नहीं भटकना पड़ेगा। सेवा संकल्प तब पूरा होगा जब सरकार जनता के सवालों से भागेगी नहीं। और राष्ट्र के रंग तब सच में दिखेंगे जब देश में राजनीतिक रंग से ऊपर नागरिक का अधिकार खड़ा होगा। इसलिए सवाल मोदी जी से व्यक्तिगत नहीं है, सवाल उस राजनीति से है जिसमें हर उपलब्धि के लिए एक नया अभियान चाहिए और हर अभियान के लिए एक नया नाम। देश को ‘सेवा ज्योति’ से ज्यादा उस रोशनी की जरूरत है जो बेरोजगार युवा के भविष्य में जले, किसान के खेत में जले, गरीब के घर में जले और सरकारी व्यवस्था के अंधेरे को दूर करे। मोदी जी के 25 वर्ष पूरे हुए हैं तो जश्न मनाइए, उपलब्धियां गिनाइए, लेकिन जनता को भी अपनी गिनती करने दीजिए। जनता भी गिनेगी कि कितने अभियान आए, कितने संकल्प लिए गए और जमीन पर कितना बदला। क्योंकि राजनीति में सिर्फ तड़का लगाने से दाल नहीं गलती। दाल गलने के लिए पानी, आग और वक्त तीनों चाहिए। और जनता अब यही पूछ रही है अभियान बहुत हो गए साहब, अब परिणाम कब आएंगे?
लेखक -राजेन्द्र सिंह जादौन