Amla Navami 2026: आज आंवला नवमी पर जरूर करें ये काम, जानें शुभ मुहूर्त और पूजा का बड़ा महत्व!
<strong>Amla Navami 2026:</strong> आंवला नवमी हिंदू धर्म के सबसे पवित्र और खास दिनों में से एक मानी जाती है, जिसे अक्षय नवमी के नाम से भी जाना जाता है। हिंदू पंचांग के अनुसार, हर वर्ष कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को यह पावन पर्व मनाया जाता है। इस दिन मुख्य रूप से भगवान विष्णु के साथ आंवले के वृक्ष की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाती है।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन किया गया दान-पुण्य अक्षय फल प्रदान करने वाला और बेहद शुभ माना जाता है। देश के कई हिस्सों में इस अवसर पर आंवले के पेड़ के नीचे बैठकर भोजन करने की विशेष परंपरा भी निभाई जाती है। इसके साथ ही, इस दिन जरूरतमंदों को अनाज, वस्त्र और धन का दान करना भी अत्यंत कल्याणकारी माना गया है।
<strong>अक्षय नवमी 2026 की तारीख</strong>
हिंदू पंचांग के मुताबिक इस साल कार्तिक शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि 18 नवंबर यानी आज सुबह 6 बजकर 4 मिनट पर शुरू होगी। वहीं, इस तिथि का समापन अगले दिन 19 नवंबर 2026, गुरुवार को सुबह 7 बजकर 5 मिनट पर होगा। ऐसे में उदया तिथि के हिसाब से इस साल अक्षय नवमी का पर्व 18 नवंबर को है।
<strong>अक्षय नवमी क्यों मनाई जाती हैं?</strong>
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, अक्षय नवमी हर साल कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि पर मनाई जाती है। इसमें 'अक्षय' का मतलब है, जिसका कभी भी नाश न हो या जो हमेशा बना रहे। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन पूजा-पाठ, जप-तप और दान-पुण्य का फल कभी भी खत्म नहीं होता है। यही कारण है कि इसे अक्षय नवमी के नाम से जाना जाता है।
<strong>अक्षय नवमी का धार्मिक महत्व</strong>
धार्मिक मान्यताओं की मानें तो, आंवले के पेड़ में भगवान विष्णु का वास माना जाता है। इसलिए अक्षय नवमी के दिन आंवले के पेड़ की पूजा करने की परंपरा निभाई जाती है। माना जाता है कि इससे भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की कृपा भी प्राप्त होती है। इस दिन स्नान, दान, पूजा-पाठ करने का विशेष महत्व है।
पौराणिक मान्यताओं के मुताबिक, अक्षय नवमी को सतयुग की शुरुआत से जोड़कर देखा जाता है। इस दिन आंवले के पेड़ के नीचे भगवान विष्णु की पूजा की जाती है। कई स्थानों पर पेड़ के नीचे दीपक जलाने और भोजन करने की परंपरा निभाई जाती है।
