Kharna 2026: छठ पूजा के खरना से शुरू होगा 36 घंटे का निर्जला व्रत, जानें प्रसाद का महत्व और 5 जरूरी नियम

Kharna 2026: छठ पूजा के खरना से शुरू होगा 36 घंटे का निर्जला व्रत, जानें प्रसाद का महत्व और 5 जरूरी नियम
 

वैदिक पंचांग के अनुसार, आज यानी 14 नवंबर को लोक आस्था के महापर्व छठ (Chhath Puja 2026) का दूसरा दिन है, जिसे 'खरना' (Kharna 2026) कहा जाता है। हिंदू धर्म में खरना का विशेष महत्व है, क्योंकि इसी दिन के प्रसाद ग्रहण के बाद व्रतियों का 36 घंटे का कठिन निर्जला उपवास शुरू होता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सच्चे मन और पूरी निष्ठा से छठ का व्रत रखने से संतान सुख की प्राप्ति होती है और संतान की दीर्घायु का आशीर्वाद मिलता है। इसके साथ ही व्रती और परिवार पर छठी मैया व सूर्य देव की असीम कृपा बनी रहती है।

खरना का महाप्रसाद अत्यंत पवित्रता के साथ मिट्टी के नए चूल्हे पर तैयार किया जाता है। इस दिन शाम के समय गुड़ की खीर और गेहूं के आटे की रोटी का केले के पत्ते पर भोग लगाया जाता है, जिसके बाद व्रती इसे ग्रहण करते हैं और परिवार व आसपास के लोगों में बांटते हैं। आइए, इस लेख में विस्तार से जानते हैं कि छठ पूजा के दूसरे दिन यानी खरना पर क्या-क्या विशेष परंपराएं निभाई जाती हैं।

<strong>खरना 2026 (Kharna 2026 Date)</strong>

वैदिक पंचांग के अनुसार, आज यानी 14 नवंबर को खरना है।

पंचमी तिथि की शुरुआत- 13 नवंबर को रात 08 बजकर 42 मिनट पर

पंचमी तिथि का समापन- 14 नवंबर को रात 11 बजकर 23 मिनट पर

खरना के दिन क्या-क्या होता है?

इस दिन सुबह स्नान करने के बाद व्रत की शुरुआत होती है। शाम को सूर्यास्त के समय तक अन्न-जल ग्रहण नहीं किया जाता है।

शाम को मिट्टी के नए चूल्हे पर खरना का प्रसाद बनाया जाता है। इसमें नए चावल, गुड़ और दूध की खीर तथा घी लगी रोटी बनाई जाती है। इसके साथ केला और मूली भी अर्पित की जाती है।

इस दिन सूर्यास्त होने के बाद व्रती केले के पत्ते पर यह प्रसाद रखकर छठी मैया और सूर्य देव की विधिपूर्वक पूजा करते हैं और उन्हें भोग लगाते हैं।

इसके बाद शांत जगह पर बैठकर प्रसाद ग्रहण किया जाता है।

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद 36 घंटे के निर्जला व्रत की शुरुआत होती है। इस व्रत का समापन छठ पूजा के आखिरी दिन उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देने के बाद होता है। इसके बाद छठ पूजा का प्रसाद लोगों में वितरित किया जाता है।

<strong>खरना के दिन भूलकर भी न करें ये गलतियां</strong>

खरना के दिन घर में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। एक बात का ख्याल रखें कि प्रसाद बनाते समय किसी भी चीज को चखें नहीं। साथ ही किसी भी पूजन सामग्री को गंदे हाथों से छूना वर्जित है।

इसके अलावा खरना के दिन लहसुन, प्याज या किसी भी तरह के तामसिक भोजन का सेवन न करें। परिवार के अन्य सदस्यों को भी सात्विक भोजन ही करना चाहिए।

खरना के प्रसाद को नए बर्तन और मिट्टी के नए चूल्हे पर बनाएं। इसे रोजमर्रा के इस्तेमाल वाले बर्तनों में न बनाएं।

घर में किसी से वाद-विवाद या अपशब्दों का प्रयोग न करें।

खरना का व्रत दिनभर निर्जला रहकर किया जाता है और शाम को सूर्यास्त के बाद ही विधिवत पूजा करके प्रसाद ग्रहण किया जाता है।

About the Author

साहब राम
साहब राम

9447 Articles