Margashirsha Month 2026: 25 नवंबर से शुरू होगा मार्गशीर्ष माह, शंख पूजा से मिलेगा श्रीकृष्ण के पाञ्चजन्य जैसा शुभ फल!
<strong>Margashirsha Month 2026:</strong> हिंदू धर्म में मार्गशीर्ष माह (Margashirsha month 2026) का खास महत्व है। इस महीने को बेहद पवित्र और पुण्यदायी माना गया है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, भगवान श्रीकृष्ण ने स्वयं इस माह को अपना स्वरूप कहा है। वैदिक पंचांग के मुताबिक, इस पावन महीने की शुरुआत 25 नवंबर से होगी, जबकि इसका समापन 23 दिसंबर को होगा।
पौराणिक मान्यता के अनुसार, मार्गशीर्ष माह में शंख की पूजा करने से भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य 'पाञ्चजन्य' शंख के पूजन के समान फल मिलता है, जिससे घर में सकारात्मक ऊर्जा और सुख-समृद्धि आती है। इसके साथ ही मानसिक शांति भी मिलती है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि मार्गशीर्ष मास में शंख पूजन का क्या महत्व है और घर में शंख रखने के क्या नियम हैं? यदि नहीं, तो आइए इस लेख में विस्तार से जानते हैं।
<strong>पाञ्चजन्य शंख का महत्व</strong>
मार्गशीर्ष माह को भगवान श्रीकृष्ण का स्वरूप माना गया है। इसी वजह से इस पवित्र माह में शंख की पूजा करने का विधान है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस माह के दौरान विधिपूर्वक शंख की साधना करने से भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य 'पाञ्चजन्य' शंख के पूजन जैसा पुण्य प्राप्त होता है। साथ ही भक्त को सभी तीर्थों में स्नान का फल मिलता है।
<strong>क्यों खास है पाञ्चजन्य शंख?</strong>
प्राचीन ग्रंथों में 'पाञ्चजन्य शंख' का वर्णन देखने को मिलता है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, समुद्र मंथन के दौरान पाञ्चजन्य शंख की उत्पत्ति हुई थी। समुद्र मंथन से निकले 14 अनमोल रत्नों में पाञ्चजन्य शंख छठे स्थान पर था। इस शंख को जगत के पालनहार भगवान विष्णु ने धारण किया था। यही शंख द्वापर युग में भगवान श्रीकृष्ण के पास भी रहा। घर में शंख को रखने के नियम
घर में शंख को रखना अत्यंत शुभ माना जाता है, लेकिन इसको घर में रखने के कुछ विशेष नियम हैं। ऐसा माना जाता है कि शंख को सही दिशा में रखने से शुभ परिणाम प्राप्त होते हैं। वास्तु शास्त्र में बताया गया है कि शंख को सदैव भगवान विष्णु की प्रतिमा के दाईं ओर रखना चाहिए। इस शंख को कभी भी जमीन पर नहीं रखना चाहिए। इसे किसी थाली या चौकी पर कपड़ा बिछाकर रखें।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि पूजा में बजाने वाला शंख और अभिषेक करने वाला शंख अलग-अलग होना चाहिए। पूजा घर में रखे दक्षिणावर्ती शंख में थोड़ा जल भरकर रखें, जबकि बजाने वाले शंख को धोकर और सुखाकर ही रखें। पूजा के दौरान शंख को जरूर बजाना चाहिए। मान्यता है कि शंख को बजाने से वातावरण शुद्ध होता है और नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है।
