हरियाणा ने रचा इतिहास: अंडर-11 नेशनल बैडमिंटन में रोहतक के मनवीर पूनिया और आलोक की जोड़ी ने जीता सिल्वर
रोहतक: रायपुर में आयोजित पांचवीं मिनी नेशनल बैडमिंटन चैंपियनशिप-2026 में हरियाणा के उभरते खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया है।
24 से 27 नवंबर तक चली इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में रोहतक के मनवीर पूनिया और फरीदाबाद के आलोक अंभावत की जोड़ी ने अंडर-11 कैटेगरी में रजत पदक (सिल्वर मेडल) अपने नाम किया।
हरियाणा के बैडमिंटन इतिहास में यह पहला अवसर है जब अंडर-11 वर्ग में किसी जोड़ी ने राष्ट्रीय स्तर पर सिल्वर मेडल हासिल किया है।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि के पीछे कोच हेमंत की कड़ी मेहनत और सटीक मार्गदर्शन की अहम भूमिका रही है।
रोहतक निवासी 10 वर्षीय मनवीर पूनिया ने महज 5 साल की उम्र में स्थानीय एवेंजर एकेडमी से बैडमिंटन का सफर शुरू किया था और वर्तमान में वे चैंपियन एकेडमी, बहादुरगढ़ में अभ्यास कर रहे हैं।
मनवीर के पिता एडवोकेट सोमबीर पूनिया ने बेटे की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि मनवीर शुरू से ही बैडमिंटन में प्रदेश का नाम रोशन करना चाहता था और उसने सभी स्किल्स व ड्रिल्स को बेहद गंभीरता से सीखा। उन्होंने इस सफर में निरंतर सहयोग और मार्गदर्शन के लिए हरियाणा बैडमिंटन एसोसिएशन का विशेष आभार जताया।
इतनी कम उम्र में प्रदेश को गौरवान्वित करने वाली इस जोड़ी को जिला बैडमिंटन सचिव उमेद शर्मा और हरियाणा बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव अजय सिंघानिया ने बधाई दी है।
पदाधिकारियों ने कहा कि मनवीर और आलोक की यह कामयाबी प्रदेश के अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा बनेगी।
