पलवल में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, मायके की जमीन बेचने का दबाव बनाने का आरोप

पलवल में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, मायके की जमीन बेचने का दबाव बनाने का आरोप

पलवल के मोहन नगर में 31 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगने से मौत हो गई। मृतका के पिता ने पति समेत ससुराल पक्ष पर अतिरिक्त दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मायके से 15 लाख रुपये लाने का दबाव बनाने और हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने का गंभीर आरोप लगाया है। कैंप थाना पुलिस ने गुरुवार को शिकायत के आधार पर ससुराल पक्ष के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कैंप थाना प्रभारी ने दी जानकारी

कैंप थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल ने गुरुवार को जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के गांव पोथा निवासी प्रेमपाल सिंह ने पुलिस को शिकायत दी है। शिकायतकर्ता प्रेमपाल सिंह ने बताया कि उनकी बेटी हेमलता की शादी फरवरी 2019 में मोहन नगर निवासी मनमोहन के साथ हुई थी। शिकायत में यह आरोप लगाया गया है कि शादी के बाद से ही पति मनमोहन, ससुर सत्यवीर सिंह, सास ओमवती, जेठ राकेश उर्फ लाखन और प्रवीन उर्फ हाकिम, जिठानी अनीता तथा देवर हेमंत अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर हेमलता को शारीरिक और मानसिक रूप से लगातार प्रताड़ित करते थे। ससुराल पक्ष की तरफ से हेमलता पर यह दबाव बनाया जा रहा था कि वह अपने मायके की जमीन बेचकर 15 लाख रुपये लेकर आए।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

पिता को फोन पर दी थी प्रताड़ना की जानकारी

पिता प्रेमपाल सिंह के अनुसार, दो अगस्त की सुबह हेमलता ने उनके पास फोन किया था। हेमलता ने फोन पर बताया था कि उसका पति और अन्य ससुरालजन रातभर उसके साथ मारपीट कर रहे हैं। उसने यह भी बताया था कि उसे खाने-पीने और पहनने तक के सामान के लिए परेशान किया जा रहा है। शिकायतकर्ता पिता के अनुसार, उसी दिन दोपहर करीब तीन बजे ससुराल पक्ष की ओर से उन्हें यह सूचना दी गई कि हेमलता ने फंदा लगाकर अपनी जान दे दी है। पिता ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष ने एक साजिश के तहत उनकी बेटी की हत्या की है और बाद में इसे आत्महत्या का रूप देने का पूरा प्रयास किया गया है।

पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव नीचे उतारा

घटना की सूचना मिलने पर कैंप थाना की किठवाड़ी पुल चौकी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने बंद कमरे का दरवाजा तोड़कर हेमलता के शव को फंदे से नीचे उतारा। परिजनों की मौजूदगी में मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल ने इस मामले में बताया कि पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस ने जांच के लिए फोरेंसिक नमूने एफएसएल गुरुग्राम भेज दिए हैं। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल रिपोर्ट और अन्य सभी साक्ष्यों के आधार पर ही पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share:

Comments

Leave a comment