केंद्रीय मंत्री और गुरुग्राम सांसद भाजपा की राजनीति का शिकार, कांग्रेस नेता पंकज डावर का बड़ा बयान

केंद्रीय मंत्री और गुरुग्राम सांसद भाजपा की राजनीति का शिकार, कांग्रेस नेता पंकज डावर का बड़ा बयान

कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा विभाजन विभीषिका कार्यक्रम के नाम पर समाज को बांटने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गुड़गांव में धर्म की राजनीति करने का भाजपा को अवसर नहीं मिला तो वह जातियों की राजनीति करने लगी। यह तथाकथित कार्यक्रम जातिगत राजनीति का शिकार हो गया। इसमें पंजाबी समाज की काबिलियत पर सवाल खड़े किए गए। जबकि बंटवारे में यहां आए पंजाबियों ने पुरुषार्थ के बल पर खुद को स्थापित करने का काम किया है।

पंकज डावर ने कहा कि विभाजन की पीड़ा को याद करना भाजपा का कोई समाजहित का काम नहीं है, बल्कि यह भाजपा की राजनीति का हिस्सा है। समय-समय पर भाजपा राजनीतिक लाभ लेने के लिए समाज को धर्म में और जातियों में बांटने का काम करती है। इस कार्यक्रम में खुद केंद्रीय मंत्री एवं गुरुग्राम के सांसद भाजपा की राजनीति का शिकार हुए हैं। जिस तरह से उनके साथ व्यवहार होता आ रहा है, उससे यह लगता है कि भाजपा आज भी उन्हें दिल से नहीं अपना रही बल्कि राजनीतिक लाभ के लिए साथ रख रही है।

धर्मगुरु को मंच पर बिठाकर कराया अपमानित

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

पंकज डावर ने कहा कि राव इंद्रजीत सिंह अपना दुखड़ा अपने संगठन के शीर्ष नेतृत्व के साथ बैठकर सुना सकते थे। उन्होंने इस मंच से पंजाबी समाज की काबिलियत पर सवाल खड़े किए और समाज को अपमानित करने का काम किया। जो इस कार्यक्रम के आयोजन में अग्रणी भूमिका में थे, वे पहले भी अपमानित किए जा चुके हैं। ऐसा लगता है कि पंजाबी समाज के ये नेता भाजपा की चाल और चरित्र को या तो समझ नहीं रहे या फिर समझना नहीं चाहते। पंकज डावर ने कहा कि जो धर्मगुरु विशेषकर पंजाबियों में सबसे अधिक पूजनीय हैं, उनको भी भाजपा ने मंच पर बिठाकर अपमानित कराया। किसी ने भी ऐसा होने से रोकने के प्रयास तक नहीं किए। सभी का चुपचाप सब सुनना और देखना यह साबित करता है कि भाजपा इस मंच से जातिगत बंटवारे का तमाशा देख रही थी।

राजनीतिक रोटियां सेक रही है भाजपा

डावर ने कहा कि राव इंद्रजीत का यह कथन पंजाबी समाज कभी नहीं भूलेगा। जिस समाज ने हर समय देश और प्रदेश के निर्माण में अपना योगदान दिया, उसी समाज का सार्वजनिक मंच से अपमान करना गलत है। गुड़गांव की राजनीति, व्यापार और सामाजिक ताने-बाने में पंजाबी समाज की अहम भूमिका रही है। विभाजन विभीषिका के नाम पर भाजपा का यह मंच बीजेपी नेताओं की गुटबाजी और निजी खीझ निकालने का मंच बन गया। पंकज डावर ने आरोप लगाया कि भाजपा ऐसे आयोजन के माध्यम से अपनी राजनीतिक रोटियां सेक रही है। उसे किसी के दुख-दर्द से कोई मतलब नहीं है। अपने स्वार्थ के लिए भाजपा नेताओं का इस्तेमाल कर रही है। जब स्वार्थ पूरा हो जाएगा तो इन्हें दरकिनार कर दिया जाएगा।

Share:

Comments

Leave a comment