हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस किसी एक वर्ग या संगठन का नहीं बल्कि पूरे राष्ट्र का कार्यक्रम है। यह उन लाखों परिवारों के संघर्ष और त्याग को नमन करने का अवसर है। 14 अगस्त को गुरुग्राम में राज्य स्तरीय विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस कार्यक्रम आयोजित होगा जिसमें फरीदाबाद से हजारों लोग शामिल होंगे। 16 अगस्त से युवाओं के लिए एक महीने तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे ताकि नई पीढ़ी को इतिहास से अवगत कराया जा सके।
फरीदाबाद जिला कार्यालय 'अटल कमल' पर फरीदाबाद जिले और फरीदाबाद महानगर जिले की एक महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक हुई।
इस बैठक में विभाजन विभीषिका प्रदेश आयोजन समिति के संयोजक जगदीश चोपड़ा, कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल और अन्य प्रमुख नेता उपस्थित रहे। बैठक में कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा की गई। जगदीश चोपड़ा और पूर्व शिक्षा मंत्री सीमा त्रिखा ने कार्यक्रमों की पूरी जानकारी दी।
जगदीश चोपड़ा ने कहा कि 1947 का भारत विभाजन कांग्रेस की साजिश और तुच्छ राजनीति का परिणाम था।
विभाजन के दौरान 10 लाख से ज्यादा लोगों ने अपने प्राण गंवाए और करोड़ों लोग विस्थापित हुए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2021 में 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी।
इस दिवस का उद्देश्य शहीदों को श्रद्धांजलि देना और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकना है।पूर्व शिक्षा मंत्री सीमा त्रिखा ने कहा कि इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति और भारतीय संस्कारों का विकास करना है।
युवाओं को भारत विभाजन की वास्तविक घटनाओं और मानवीय त्रासदी से परिचित कराना आवश्यक है। बैठक में जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल, महानगर जिला अध्यक्ष सोहनपाल सिंह और बौधराज सिकरी सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।