पटौदी में विधायक विमला चौधरी का बड़ा फ्लेक्स बोर्ड बना चर्चा का विषय, बड़े नेताओं की तस्वीरें गायब

हे राम, एमएलए बिमला चौधरी का कद इत्ता बड़ा ?
आखिर हो भी क्यों ना जनता ने चुना विधायक और पार्षदों में लोकप्रिय
राजा राव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जिला अध्यक्ष और सीएम का कद भी बोना
बधाई का लंबा चौड़ा फ्लेक्स लोगों में बना जिज्ञासा और चर्चा का विषय
पटौदी/गुरुग्राम /फतह सिंह उजाला /19 अगस्त 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स /
अब इसे पार्टी के प्रति निष्ठा कहा जाए या फिर नेता अथवा व्यक्ति विशेष के प्रति वफादारी अधिक कहा जाए ? पटौदी जाटोली मंडी परिषद के पुराना हेली मंडी नगर पालिका क्षेत्र के मुंशीलाल आनंद वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के सामने विमला चौधरी के साथ ही दो जनप्रतिनिधियों के फोटो वाला लंबा चौड़ा फ्लेक्स बोर्ड लोगों के बीच जिज्ञासा और चर्चा का विषय बनता जा रहा है। शुभकामना लिखे इस लंबे चौड़े फ्लेक्स बोर्ड पर ने तो भाजपा का चुनाव चिन्ह है और न हीं विधायक विमला चौधरी के अतिरिक्त भाजपा के किसी प्रदेश स्तरीय या राष्ट्रीय स्तरीय नेता का चित्र है।
लोगों में जिज्ञासा इसी बात को लेकर है कि यह प्रचार की जल्दबाजी में कोई गलती हुई है या फिर जानबूझकर केवल और केवल मैडम विधायक को खुश करने के लिए इस प्रकार का लंबा चौड़ा शुभकामना संदेश का फ्लेक्स बोर्ड लगाया गया है। भारतीय जनता पार्टी जिसको की दुनिया की सबसे बड़ी कैडर पार्टी और अनुशासित पार्टी माना गया है। उस पार्टी के नेताओं के द्वारा इस प्रकार की कथित उदंडता को न तो नजर अंदाज किया जाता है और नहीं यह क्षमा योग्य मानी जाती है।

विमला चौधरी जिस पटौदी विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुनी गई है, उनके चुनाव में सबसे महत्वपूर्ण योगदान उनके राजनीतिक आका अथवा गुरु केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह का रहा है। इतना ही नहीं कोई भी कार्यक्रम हो, विमला चौधरी ऐसे कार्यक्रम के संबोधन में अपने राजनीतिक गुरु और संरक्षक केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के साथ-साथ उनकी पुत्री हरियाणा में स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव का नाम लेने की सपने में भी भूल नहीं करती है।
लोगों के बीच में जिज्ञासा और चर्चा का विषय बना हुआ बोर्ड अथवा फ्लेक्स जिस पर की केवल और केवल विधायक विमला चौधरी का विशाल फोटो के अलावा जिस पार्षद अमित शर्मा को पटौदी जाटोली मंडी परिषद का वाइस चेयरमैन बनवाने में रात दिन एक कर राव इंद्रजीत सिंह से भी आशीर्वाद दिलवाया तथा एक अन्य पार्षद राकेश कुमार बबल का फोटो है।
लोगों में जिज्ञासा और चर्चा इस बात को लेकर है कि आखिर ऐसा क्या और कौन सा कारण है ? विधायक विमला चौधरी को तो सबसे अधिक प्राथमिकता दी गई। लेकिन गुरुग्राम महानगर के जिला अध्यक्ष अजीत सिंह यादव, सांसद एवं केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह , उनकी पुत्री हरियाणा में स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ अर्चना गुप्ता, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, जिला के ही अन्य वरिष्ठ भाजपा नेताओं की अनदेखी अपने आप में सवाल का जवाब मांग रही है । कहीं ऐसा तो नहीं है कि केवल और केवल व्यक्ति विशेष को ही अब तवज्जो देने का नया राजनीतिक चलन आरंभ कर दिया गया है।