पटौदी और हेलीमंडी में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल 24 अगस्त तक बढ़ी, सेल्फी पॉइंट बना स्ट्राइक पॉइंट

यह सेल्फी पॉइंट नहीं, परिषद सफाई कर्मियों का स्ट्राइक पॉइंट है
हर घर तिरंगा, लेकिन हकीकत - हर गली मोहल्ला बाजार गंदा ही गदा
सफाई कर्मचारियों की हड़ताल तीन दिन और 24 तारीख तक बढ़ाई गई
15 वे दिन भी अपनी मांगों के समर्थन में और सरकार के विरोध में नारेबाजी
लंबी होती जा रही हड़ताल के बावजूद सफाई कर्मचारियों के हौसले बुलंद
फतह सिंह उजाला/गुरुग्राम, 21 अगस्त 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
पटौदी और हेलीमंडी क्षेत्र में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल तीन दिन और यानी 24 तारीख तक बढ़ा दी गई है। पटौदी जाटोली मंडी परिषद जोन दो हेलीमंडी क्षेत्र कार्यालय पर हर घर तिरंगा अभियान का स्लोगन लिखा हुआ है और फोटो खींचने का सेल्फी पॉइंट बनाया गया है। लेकिन निकाय कर्मचारियों की हड़ताल की वजह से इस सेल्फी पॉइंट का अर्थ का अनर्थ हो गया है। सेल्फी पॉइंट के सामने ही निकाय सफाई कर्मचारी अपनी मांगों के समर्थन में हड़ताल का बिगुल फूंक कर नारेबाजी कर रहे हैं। सीधे और सरल शब्दों में परिषद के हेलीमंडी कार्यालय के गेट पर अब सेल्फी पॉइंट की सफाई कर्मचारियों के स्ट्राइक पॉइंट के रूप में पहचान बन गई है। हड़ताल के 15वें दिन भी सफाई कर्मचारी अपनी मांगों के समर्थन में और सरकार के विरोध में हाथों में झाड़ू लहराते हुए नारे लगाते देखे गए हैं। हर घर तिरंगा का नारा है लेकिन हकीकत यह है कि हर गली, मोहल्ला और बाजार गंदा ही गंदा पड़ा हुआ है।
पटौदी जाटोली मंडी परिषद क्षेत्र और वार्डों का हाल
पटौदी जाटोली मंडी परिषद क्षेत्र में 22 वार्डों का दायरा आता है। इस दायरे में पुराना पटौदी और हेलीमंडी नगर पालिका के अलावा साथ लगते नौ गांव भी शामिल हैं। दो दिन पहले भी मार्केट कमेटी कर्मचारियों के द्वारा हेलीमंडी अनाज मंडी बाजार से कूड़ा करकट उठाने का नाकाम प्रयास किया गया था। इसकी भनक लगते ही निकाय हड़ताली कर्मचारियों के द्वारा कूड़ा करकट को वापस बीच बाजार में ही खाली करवा दिया गया है। कर्मचारी नेताओं और प्रदर्शनकारी सफाई कर्मचारियों का साफ-साफ कहना है कि जब तक सरकार के द्वारा किए गए वायदे के मुताबिक उनकी मांगे पूरी नहीं की जाती तब तक हड़ताल जारी रहेगी। इसके साथ ही कर्मचारी और कर्मचारी नेताओं के द्वारा आम जनता को हो रही परेशानी को देखते हुए अपने हड़ताली आंदोलन में सहयोग की अपील भी की गई है।

कर्मचारियों का प्रदर्शन और सरकार पर हठधर्मिता का आरोप
हड़ताली और आंदोलनकारी कर्मचारियों में शामिल पटौदी जाटोली मंडी परिषद के लगभग 100 महिला और पुरुष कर्मचारी शामिल बताए गए हैं। संजय, सत्य, रामनिवास, रमेश, गोविंद, सुनीता, मोनू, रामवीर, माया, रानी, सुनीता और ओमप्रकाश सहित अन्य कर्मचारियों के द्वारा अपनी मांगों के समर्थन में सरकार को जगाने के लिए थाली, कटोरी और चम्मच बजाते हुए भी प्रदर्शन किया जा चुका है। इतना ही नहीं स्थानीय निकाय मंत्री का पुतला फूंक कर भी विरोध प्रदर्शन किया गया है। कर्मचारियों का कहना है कि कोरोना महामारी के दौरान सरकार के द्वारा कर्मचारियों को कोरोना योद्धा की उपाधि देकर सम्मान किया गया था और फूल भी बरसाए गए थे। इतना ही नहीं कोरोना आपदा के समय में कर्मचारी हित और पीड़ित परिवारों के लिए अनेक घोषणाएं भी की गई थीं। कुछ महीने पहले भी सरकार के द्वारा निकाय सफाई कर्मचारियों की मांगों पर सहमति जताई गई थी। लेकिन सरकार मांगों को पूरा करने में आनाकानी करती आ रही है। सफाई कर्मचारियों का दो टूक कहना है कि सरकार की हठधर्मिता को देखते हुए हड़ताल अनिश्चितकाल के लिए भी घोषित की जा सकती है।