पटौदी स्टेशन पर ट्रेन में छूटा पूर्व कप्तान का कीमती कागजों और नकदी से भरा बैग, रेलवे स्टाफ ने सूझबूझ से सुरक्षित लौटाया

दिल्ली से हिसार जाने वाली ट्रेन में झज्जर के लोहारी गांव के रहने वाले पूर्व कप्तान जयपाल सिंह का बैग गलती से छूट गया। पूर्व कप्तान जयपाल सिंह पालम से पटौदी की टिकट लेकर पटौदी स्टेशन पर उतरे थे, लेकिन उनका बैग ट्रेन के अंदर ही छूट गया। जब उन्हें ध्यान आया तो वह बैग लेने के लिए दोबारा ट्रेन की तरफ दौड़े, लेकिन तब तक ट्रेन रफ्तार पकड़ चुकी थी।
स्टेशन अधीक्षक को दी गई तुरंत जानकारी
हताश और उदास मन से जयपाल सिंह ने अपनी सारी आपबीती पटौदी के स्टेशन अधीक्षक भरत लाल मीणा को बताई। इसके बाद पटौदी स्टेशन सुपरिटेंडेंट भरत लाल मीणा ने तुरंत प्रभाव से कंट्रोल रूम में मैसेज किया और उनका खोया हुआ बैग रेवाड़ी जंक्शन पर उतरवाया। ट्रेन में छूटे उस बैग के अंदर पूर्व कप्तान जयपाल सिंह के कई कीमती कागजात, कुछ नगदी और कई एटीएम कार्ड मौजूद थे।
वापसी ट्रेन से सुरक्षित मिला यात्री को सामान
कुछ घंटों के बाद रेवाड़ी से वापसी की ट्रेन द्वारा उनका बैग वापस पटौदी स्टेशन सुपरिंटेंडेंट के पास पहुंचा। इसके बाद स्टेशन पर जयपाल सिंह को उनका बैग सुरक्षित सौंप दिया गया। इस पूरे घटनाक्रम के बाद जयपाल सिंह ने रेलवे अधिकारियों और स्टेशन अधीक्षक का धन्यवाद प्रकट किया और रेलवे की ईमानदारी की भरपूर प्रशंसा की।
रेलवे अधिकारियों की यात्रियों को जरूरी सलाह
स्टेशन सुपरिंटेंडेंट भरत मीणा ने बताया कि यदि किसी भी यात्री का सामान गलती से ट्रेन में छूट जाता है, तो उसे बिल्कुल नहीं घबराना चाहिए। ऐसे समय में तुरंत नजदीकी स्टेशन पर अपनी शिकायत दर्ज करानी चाहिए। उन्होंने यह भी सलाह दी कि यदि ऐसी गलती हो जाए तो बिल्कुल हड़बड़ाएं नहीं और चलती ट्रेन में दोबारा चढ़ने की कोशिश न करें, बल्कि तुरंत अपनी शिकायत स्टेशन मास्टर को दें ताकि रेलवे पूरी मदद कर सके।