गुरुग्राम के पटौदी में जबरन इज्जत लूटी, एटीएम खाली किया और सुसाइड की दी धमकी

जबरन इज्जत लूटी, एटीएम खाली किया और सुसाइड की दी धमकी
दृष्टि बाधित पीड़िता की शिकायत पर पटौदी थाने में आरोपी पर मामला दर्ज
आप अनुसार पीड़िता के साथ धोखे से कई बार जबरन शारीरिक संबंध बनाए
पीड़िता के दृष्टिबाधित होने का आरोपी के द्वारा मनचाहा फायदा उठाया गया
आरोपी ने अपने आप को स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत एंबुलेंस चालक बताया
पटौदी/गुरुग्राम , 20 अगस्त 2026 /फतह सिंह उजाला
दृष्टि बाधित युवती की जबरन इज्जत लूटी ,उसका एटीएम खाली किया और पैसे वापस मांगने पर आरोपी द्वारा सुसाइड की धमकी दी गई। यह किसी नाटक पटकथा या किसी टीवी सीरियल का किस्सा नहीं है। इस प्रकार का मामला पीड़िता की शिकायत पर पटौदी थाना में आरोपी के खिलाफ दर्ज किया गया है। आरोपी के द्वारा अपने आप को स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत और एंबुलेंस चालक बताते हुए पीड़िता को उसके गांव तक ले जाने के लिए परिचय दिया। इसके बाद बातों ही बातों में पीड़िता से सारी जानकारी लेकर अपने जाल में फंसा लंबे समय तक मानसिक और शारीरिक शोषण का सिलसिला बनाए रखा।
दृष्टि बाधित पीड़िता और पटौदी थाना पुलिस में दर्ज एफआईआर के मुताबिक, पीड़िता सरकारी विभाग में कार्यरत है । मई के महीने में वह विभागीय किसी कार्य से मुख्यालय गई और गांव लौट के लिए किसी वाहन का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान दर्ज किए गए मामले के मुताबिक रामनिवास उर्फ सोनू पहुंचा तथा गंतव्य स्थान के विषय में जानकारी मांगी, गांव का नाम बताने पर उसने कहा वह भी उसी गांव ही जा रहा है । अनजान व्यक्ति समझ कर इनकार कर दिया, लेकिन उसने अपने आप को स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत और एंबुलेंस चालक बताते कहा मैं उसी गांव ही जा रहा हूं, भरोसा कर साथ चलने के लिए हां कर दी। लेकिन पीड़िता के मुताबिक वह कुछ भी देखने में सक्षम नहीं थी। आरोपी के द्वारा पीड़िता के कामकाज के विषय में काफी जानकारी ले ली गई। यहां तक भरोसा दिलाया गया कि आरोपी की सरकारी विभागों में जानकारी है, कोई भी परेशानी हो तो वह काम करवा देगा।
पीड़िता के मुताबिक इसके बाद किसी न किसी बहाने से आरोपी उससे संपर्क कर मुलाकात करता रहा। एक दिन रेवाड़ी में ही किसी बहाने से बुलाकर आरोपी ने कहा कि वह बहुत ज्यादा परेशान है। उसकी शादी हो चुकी है तथा पत्नी ने तलाक ले लिया है। वह यह सब कुछ सहन नहीं कर पा रहा है, आरोपी ने पीड़िता से कहा कि वह उसे बहुत पसंद है तथा दोनों एक साथ रह सकते हैं। इतना सुनते ही पीड़िता के द्वारा आरोपी को बुरी तरह से हड़का दिया गया। इसके बाद आरोपी ने पीड़िता से भविष्य में इस प्रकार की गलती नहीं करने की कहते हुए माफी मांगी। पीड़िता के मुताबिक आरोपी उसको कई बार बाहर अलग-अलग स्थान रेस्टोरेंट में ले गया, लेकिन वह कुछ भी देखने में सक्षम नहीं थी। भरोसा होने पर जरूरत के मुताबिक पीड़िता के द्वारा पैसे निकलवाने के लिए अपना एटीएम और उसका पिन नंबर आरोपी को बता दिया गया।
पुलिस में दर्ज किए गए मामले के मुताबिक 25 मई को आरोपी फिर से पीड़िता से मिलने के लिए आया और खाना खाने के बहाने पटौदी ले गया। पीड़िता के मुताबिक कुछ शक होने पर उसको लगा कि यह कोई रेस्टोरेंट इत्यादि है। अंदर जाने के बाद एहसास हुआ कि यह वास्तव में होटल है। पीड़िता के मुताबिक कमरे में जाने के बाद पूछताछ करने पर आरोपी ने बताया कि यह देव होटल है और यहां आना बहुत अच्छा मिलता है। थकावट के कारण यही पर ही एक कमरा ले लिया है। आराम करने के लिए कुछ गलत नहीं होगा, इस बात का भरोसा किया जाए। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने वही पुराना राग अलापना शुरू कर दिया। इनकार और एतराज करने पर आरोपी ने पीड़िता के साथ जबरदस्ती संबंध बनाए और पैरों में गिरकर माफी भी मांगी। इसी बीच उसने पीड़िता के बैग से एटीएम कार्ड गायब कर लिया। पीड़िता के मुताबिक उसकी सैलरी बैंक अकाउंट में ही आती थी । एटीएम कार्ड का प्रयोग करने के कारण आरोपी को उसका पिन नंबर पता था। पीड़िता के मुताबिक उसके खाते में डेढ़ - 2 लाख रुपए हर समय रहते थे। एटीएम कार्ड के लिए पूछने पर आरोपी ने बहाना बनाया कि वह भूल गया था और उसे पैसे की जरूरत थी ,इसलिए उसने पैसे निकाल लिए । जल्दी ही वह पैसे वापस लौटा देगा। कुछ दिन के बाद आरोपी ने पीड़िता को उसका एटीएम कार्ड लौटा दिया।
दृष्टि बाधित पीड़िता के मुताबिक उसके द्वारा जब अकाउंट चेक करवाया गया तो अकाउंट खाली पाया गया। आरोपी से पैसे वापस मांगने पर उसने कहा कि वह जल्दी ही सारे पैसे वापस लौटा देगा। आरोपी के परिवार के सदस्यों से संपर्क किया जाने के बाद आरोपी ने पीड़िता से कहा कि मेरे घर फोन करने की हिम्मत कैसे हो गई, मेरे पास पैसे नहीं है। इसके बाद 30 जुलाई को आरोपी का एक बार फिर से फोन आया, अपने आप को रेवाड़ी बताते हुए मिलने के लिए कहकर होटल में ले गया। एक बार फिर से बेबसी का फायदा उठाते हुए जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इसके साथ ही धमकी दी गई कि अगर पैसे मांगे तो मैं तुम्हारा नाम लिखकर सुसाइड कर लूंगा। पीड़िता के द्वारा अपने किसी विश्वसनीय के द्वारा यह शिकायत लिखकर पुलिस को दी गई। इसके उपरांत पटौदी थाना पुलिस में आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत आपराधिक मामला दर्ज किया गया।