बहादुरगढ़ पीडीएम डेंटल कॉलेज की मान्यता रद्द, छात्रों का होगा समायोजन

बहादुरगढ़ पीडीएम डेंटल कॉलेज की मान्यता रद्द, छात्रों का होगा समायोजन

चंडीगढ़, 07 सितंबर। नेशनल डेंटल कमीशन ने बहादुरगढ़ स्थित पीडीएम डेंटल कॉलेज की मान्यता रद्द करने के आदेश जारी कर दिए हैं। यहां पढ़ रहे बीडीएस और एमडीएस विद्यार्थियों को अब दूसरे कॉलेजों में अपनी पढ़ाई पूरी करनी होगी। कॉलेज की व्यवस्थाओं में गंभीर खामियां मिलने के बाद नेशनल डेंटल कमीशन ने यह बड़ा कदम उठाया है और संस्थान को पूरी तरह से बंद करने का आदेश दिया है।

एनओसी वापस और छात्रों का समायोजन

केंद्र के फैसले के बाद हरियाणा के चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग ने भी कॉलेज को संचालन के लिए जारी अनापत्ति प्रमाणपत्र यानी एनओसी वापस ले लिया है। विद्यार्थियों को हरियाणा के अन्य मान्यता प्राप्त डेंटल कॉलेजों में समायोजित किया जाएगा। इसके लिए पंडित बीडी शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय, रोहतक में ऑफलाइन काउंसलिंग कराई जाएगी। काउंसलिंग की तारीख और पूरा कार्यक्रम बाद में जारी किया जाएगा।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

निरीक्षण में मिली थीं गंभीर कमियां

सितंबर 2025 में हुए संयुक्त निरीक्षण के दौरान कॉलेज की व्यवस्थाओं में कई बड़ी कमियां पाई गई थीं। जांच में भवन और अन्य सुविधाओं, शिक्षकों, अस्पताल, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय और छात्रावास की स्थिति तय मानकों के अनुरूप बिल्कुल नहीं मिली थी। न्यूनतम मानकों का पालन नहीं करने पर डेंटल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड ने कॉलेज पर 5 करोड़ 10 लाख 90 हजार रुपये का भारी जुर्माना लगाया था। यह तय जुर्माना राशि अब तक जमा नहीं कराई गई है।

विभाग की छात्रों को सलाह

विभाग ने सभी विद्यार्थियों से कहा है कि काउंसलिंग से जुड़ी हर नई जानकारी के लिए वे चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग और रोहतक स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर लगातार नजर रखें। सरकार की तरफ से कहा गया है कि किसी भी छात्र की पढ़ाई को प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा।

Share:

Comments

Leave a comment