पीजीआईएमएस रोहतक की सुविधाओं में होगा इज़ाफ़ा, स्पेशल हाई पॉवर्ड परचेज कमेटी ने 97 करोड़ की दवा खरीद को दी मंजूरी

हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि प्रदेश के स्वास्थ्य संस्थानों में गुणवत्तापूर्ण दवाओं एवं आधुनिक नैदानिक सुविधाओं (डायग्नोस्टिक फैसिलिटीज) की उपलब्धता सुनिश्चित करेंगे। इसके लिए आवश्यकता अनुसार दवाओं और मशीनों की लगातार खरीद की जा रही है। स्वास्थ्य मंत्री ने शुक्रवार को यह बड़ी जानकारी स्पेशल हाई पॉवर्ड परचेज कमेटी की अध्यक्षता करने के बाद आज चंडीगढ़ में दी है।
सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों के लिए 97 करोड़ की दवाएं स्वीकृत
कमेटी ने राज्य भर के सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक दवाओं की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने का बड़ा फैसला लिया है। हरियाणा मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन लिमिटेड के माध्यम से लगभग 97 करोड़ रुपये मूल्य की 117 महत्वपूर्ण और आवश्यक दवाओं की खरीद को औपचारिक स्वीकृति दी गई है। इन स्वीकृत दवाओं में इंजेक्टेबल दवाएं, एंटीबायोटिक्स, एंटीसाइकोटिक दवाएं और एंटीडायबिटिक दवाएं शामिल हैं। इसके अलावा इसमें कार्डियोवैस्कुलर दवाएं और विभिन्न बीमारियों के इलाज एवं प्रबंधन के लिए आवश्यक अन्य सभी दवाएं भी शामिल हैं।
दवा खरीद में गुणवत्ता और समयबद्ध आपूर्ति पर जोर
इस पूरी खरीद के दौरान गुणवत्ता, लागत-प्रभावी क्षमता और समयबद्ध आपूर्ति पर विशेष जोर दिया जाएगा। इससे सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं में आने वाले मरीजों को सभी आवश्यक दवाएं बहुत आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी।
पीजीआईएमएस रोहतक के लिए आधुनिक मशीनों की मंजूरी
उन्नत रक्त जांच एवं नैदानिक क्षमताओं को मजबूत करने के लिए विशेष कदम उठाए गए हैं। मरीजों की सुरक्षा व देखभाल की गुणवत्ता में सुधार लाने के उद्देश्य से कमेटी ने पीजीआईएमएस, रोहतक के ब्लड बैंक सेंटर के लिए लगभग 2.40 करोड़ रुपये की लागत से एक आईडी-एनएटी पूरी तरह से स्वचालित प्रणाली की एकमुश्त खरीद को मंजूरी दे दी है। साथ ही, इमेजिंग सेवाओं के आधुनिकीकरण और सटीक व समय पर निदान की सुविधा के लिए पीजीआईएमएस, रोहतक के लिए दो वर्ष के रेट कॉन्ट्रैक्ट के तहत लगभग 2.20 करोड़ रुपये की लागत से एक डिजिटल रेडियोग्राफी सिस्टम विथ फ्लोरोस्कोपी की मंजूरी भी दी गई है।
जिला अस्पतालों के लिए नेत्र-देखभाल और ब्लड कल्चर सिस्टम की खरीद
जिला स्तरीय नेत्र-देखभाल सेवाओं को मजबूत करने के लिए भी बड़े फैसले लिए गए हैं। विशिष्ट नेत्र-देखभाल जांच तक पहुंच में सुधार करने के लिए कमेटी ने हरियाणा के 22 जिला नागरिक अस्पतालों के लिए दो वर्ष के रेट कॉन्ट्रैक्ट के तहत 6.62 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से 22 ऑप्टिकल कोहेरेंस टोनोमीटर की खरीद को हरी झंडी दे दी है। इसके अतिरिक्त, रक्तप्रवाह संक्रमणों का त्वरित और विश्वसनीय पता लगाने तथा समय पर उचित इलाज में सहायता के लिए हरियाणा के जिला नागरिक अस्पतालों और सरकारी मेडिकल कॉलेजों के लिए दो वर्ष के रेट कॉन्ट्रैक्ट के तहत 2.06 करोड़ रुपये की लागत से 19 फुली-ऑटोमेटेड ब्लड कल्चर सिस्टम की खरीद को भी मंजूरी दे दी गई है।