पीएम स्वनिधि योजना: नरवाना और जींद में पथ-विक्रेताओं के लिए 30 सितम्बर तक लोक कल्याण मेला जारी

पीएम स्वनिधि योजना के तहत पथ-विक्रेताओं के लिए 30 सितम्बर तक चलेगा लोक कल्याण मेला: डीएमसी अनिल दून
नरेंद्र जेठी/नरवाना /06 सितंबर 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
जिला नगर आयुक्त अनिल कुमार दून ने बताया कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत जिला में पथ-विक्रेताओं एवं छोटे व्यवसाय करने वाले लोगों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से 30 सितम्बर तक लोक कल्याण मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला नगर परिषद जींद, नरवाना, सफीदों, उचाना तथा जुलाना में आयोजित किये जा रहे हैं।उन्होंने बताया कि मेले के दौरान पात्र रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं एवं छोटे व्यवसायियों का पंजीकरण किया जाएगा तथा उन्हें प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत तीन चरणों में 15 हजार, 25 हजार तथा 50 हजार रुपये तक का बिना किसी सिक्योरिटी के ऋण उपलब्ध करवाया जाएगा। योजना का उद्देश्य छोटे कारोबारियों को आर्थिक सहायता देकर उनके व्यवसाय को मजबूत करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। योजना के तहत शहरी रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं के अलावा विभिन्न छोटे व्यवसाय करने वाले लोग भी लाभ उठा सकते हैं। इनमें नाई एवं सैलून सेवा, समाचार पत्र विक्रेता, कपड़े धोने व प्रेस करने वाले, केबल टीवी संचालक, साइकिल मरम्मत, बढ़ई, कुरियर सेवा, ताला बनाने वाले, जूता पॉलिश एवं मरम्मत करने वाले, कार-बाइक धुलाई, पैकिंग एवं पैकेजिंग, रंगाई, ऑटोमोबाइल सेवाएं, लोहार, पुस्तक बाइंडिंग, टेंट सेवा, फोटोकॉपी एवं लेमिनेशन, कबाड़ी एवं घर-घर कचरा संग्रहण, आटा-चावल मिल संचालन, फोटो फ्रेम बनाने, लिफाफा निर्माण, परिवहन सेवा एवं साइकिल रिक्शा चालक, चाकू धार करने वाले, फूल एवं नारियल विक्रेता सहित अन्य छोटे व्यवसाय करने वाले लोग शामिल हैं।
- 7 प्रतिशत ब्याज सब्सिडी का लाभ
डीएमसी ने बताया कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत लाभार्थियों को ऋण पर 7 प्रतिशत ब्याज सब्सिडी का लाभ मिलेगा। साथ ही डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देने के लिए पात्र लाभार्थियों को डिजिटल ट्रांजेक्शन करने पर 1200 से 1600 रुपये तक का कैशबैक भी प्राप्त हो सकता है। इसके अतिरिक्त, 25 हजार रुपये के ऋण का सफलतापूर्वक भुगतान करने के बाद 30 हजार रुपये तक की क्रेडिट सुविधा उपलब्ध करवाने का प्रावधान है, जिससे छोटे कारोबारियों को अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
-लाभार्थियों को आठ कल्याणकारी योजनाओं से भी जोड़ा जाएगा
अनिल दून ने बताया कि पंजीकरण के बाद रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं और उनके परिवारों को पीएम स्वनिधि से समृद्धि कार्यक्रम के तहत विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से भी जोड़ा जाएगा। इनमें प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री जन-धन योजना, प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना, वन नेशन वन राशन कार्ड, जननी सुरक्षा योजना तथा प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना सहित अन्य सरकारी योजनाएं शामिल हैं। उन्होंने जिले के सभी पात्र रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं एवं छोटे व्यवसाय करने वाले लोगों से आह्वान किया है कि वे लोक कल्याण मेले के दौरान संबंधित नगर परिषद/नगरपालिका कार्यालय में अपना पंजीकरण करवाकर प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का लाभ उठाएं। योजना से संबंधित अधिक जानकारी एवं आवेदन प्रक्रिया के लिए पात्र व्यक्ति नगर परिषद जींद, नरवाना, सफीदों, उचाना तथा नगरपालिका जुलाना के कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।