आज राव इंद्रजीत के गढ़ पटौदी में गरजेंगे कांग्रेस के धुरंधर”
राव के प्रतिद्वंदी राज बब्बर प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र पहुंचेंगे पर्ल चौधरी के कार्यालय
मुख्य मुद्दा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को एसआईआर प्रतिक्रिया के प्रति जागरूक करना
मौजूदा राजनीतिक हालात को लेकर सत्ता पक्ष भाजपा पर निशाने से इनकार नहीं
पटौदी/18 जून 2026 /फतह सिंह उजाला
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के जन्म दिवस के मौके पर कांग्रेस पार्टी के बड़े नेता राव इंद्रजीत सिंह के राजनीतिक गढ़ पटौदी पहुंचेंगे। हरियाणा महिला प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सुप्रीम कोर्ट की एडवोकेट पर्ल चौधरी के पटौदी कार्यालय पर एसआईआर प्रक्रिया के गंभीर और संवेदनशील मुद्दे को लेकर महत्वपूर्ण और बड़ी बैठक का आयोजन 19 जून शुक्रवार को किया गया है । इस मौके पर मुख्य रूप से हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के राजनीतिक प्रतिबंध एवं पूर्व सांसद राज बब्बर, शहरी कांग्रेस गुरुग्राम के जिला अध्यक्ष पंकज डाबर , ग्रामीण अध्यक्ष वर्धन यादव, एसआईआर प्रक्रिया के गुरुग्राम संयोजक बिजेंदर रंगा विशेष रूप से पहुंचेंगे।
हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पटौदी से विधानसभा चुनाव लड़ने वाली श्रीमती पर्ल चौधरी के मुताबिक कांग्रेस पार्टी का फोकस इस बात पर बना हुआ है कि किसी भी पात्र मतदाता का वोट एसआईआर प्रतिक्रिया के दौरान किसी भी वजह से कटना नहीं चाहिए और न हीं वोटर लिस्ट में किसी अपात्र व्यक्ति का वोट अथवा नाम शामिल नहीं होना चाहिए। लोकतंत्र में वोट और मतदाता ही लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। 19 जून शुक्रवार को पटौदी विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक इसी मुद्दे को लेकर बुलाई गई है । इस बैठक में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारी को एसआईआर प्रक्रिया के विषय में छोटी-छोटी और तकनीकी जानकारी देकर प्रशिक्षण देते हुए जागरूक किया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के राजनीतिक प्रतिद्वंदी पूर्व सांसद कांग्रेस नेता राज बब्बर एक लंबे अंतराल के बाद पटौदी पहुंचेंगे। राज बब्बर वरिष्ठ और अनुभवी कांग्रेस नेता है। पटौदी आगमन पर राज बब्बर क्या कुछ कहेंगे ? भाजपा सरकार की नीतियों सहित सत्ता पक्ष के नेताओं को किस प्रकार की नसीहत देंगे, इस विषय को लेकर भी जिज्ञासा बनी हुई है। इनके अलावा अन्य नेताओं के संबोधन उद्बोधन को लेकर भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ-साथ विशेष रूप से विपक्ष में भी जिज्ञासा बनी हुई देखी जा रही है । पिछले दिनों बंगाल सहित अन्य राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव विशेष रूप से बंगाल की वोटर लिस्ट और चुनाव परिणाम को लेकर आरोप प्रत्यारोप का सिलसिला बना हुआ है। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी केंद्र की मोदी सरकार पर लगातार राजनीतिक हमलावर होते हुए विभिन्न राज्यों में दौरा कर मोदी सरकार से जवाब तलब करते दिखाई दे रहे हैं।
हाल ही के राज्यसभा चुनाव भी एक बड़ा और गंभीर मुद्दा कांग्रेस पार्टी के द्वारा उठाते हुए चुनाव आयोग से लेकर सत्ताधारी भाजपा पर राजनीतिक प्रहार जारी है। कांग्रेस पार्टी आरोप लगाती आ रही है कि हरियाणा में भी भाजपा के द्वारा वोट चोरी सरकार बनाई गई। यही कारण है कि आज हरियाणा में प्रत्येक वर्ग सरकार की कार्य प्रणाली और नीति को लेकर नाराज दिखाई दे रहा है । पिछले दिनों राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक भी एक बहुत बड़ा मुद्दा बना हुआ है।
सत्ताधारी भाजपा पार्टी के द्वारा केंद्र में भाजपा और पीएम नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर आयोजन किए जाने का सिलसिला जारी है। भाजपा के द्वारा ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए जिन विकास कार्यों व योजनाओं का गुणगान किया जा रहा है । कांग्रेस पार्टी के द्वारा भाजपा की इस उपलब्धि और योजनाओं का राजनीतिक काउंटर भी करने का सिलसिला लगातार जारी है। 19 जून शुक्रवार को राहुल गांधी के जन्मदिवस के मौके पर केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के राजनीतिक गढ़ पटौदी में कांग्रेस पार्टी के धुरंधर नेताओं की गर्जना को लेकर आम जनमानस में प्रबल जिज्ञासा बनी हुई है । कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त किया जाने के साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं समर्थकों और पदाधिकारी में उत्साह का माहौल बना हुआ है।
Add A Comment


