तरावड़ी के गांव शामगढ़ की बेटी रायजा ढिल्लों ने निशानेबाजी में हासिल किया देश में नंबर-1 मुकाम

तरावड़ी के गांव शामगढ़ की बेटी रायजा ढिल्लों ने निशानेबाजी में हासिल किया देश में नंबर-1 मुकाम

नीलोखेड़ी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव शामगढ़ की होनहार बेटी और निशानेबाज रायजा ढिल्लों ने अपनी शानदार उपलब्धि से गांव शामगढ़, करनाल और पूरे हरियाणा प्रदेश का नाम रोशन कर दिया है। वर्ष 2026 के अंतिम चयन ट्रायल के बाद रायजा ढिल्लों ने राष्ट्रीय चैंपियन और जूनियर राष्ट्रीय चैंपियन के रूप में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए देश में नंबर-1 रैंक हासिल की है। रायजा की इस उपलब्धि से उनके परिवार के साथ-साथ गांव शामगढ़ और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई है।

राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन

गांव शामगढ़ की सरपंच गुल ढिल्लों की बेटी रायजा अपनी कड़ी मेहनत, लगन और शानदार प्रदर्शन के दम पर इससे पहले भी कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र का गौरव बढ़ा चुकी हैं। अब रायजा ढिल्लों के लिए एक और बड़ी उपलब्धि उनका इंतजार कर रही है। सितंबर 2026 में जापान के आइची-नागोया में होने वाले एशियाई खेल के बाद रायजा का चयन नवंबर 2026 में दोहा, कतर में होने वाली आईएसएसएफ विश्व चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में हुआ है। वह इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का नाम रोशन

रायजा की इस उपलब्धि ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि गांव की प्रतिभाएं भी अपनी मेहनत और जुनून के दम पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का नाम रोशन कर सकती हैं। रायजा के चयन पर परिवारजनों, ग्रामीणों और खेल प्रेमियों ने खुशी जताते हुए उन्हें आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

बेटी की मेहनत पर गर्व: रविजीत ढिल्लों

निशानेबाज रायजा ढिल्लों के पिता रविजीत ढिल्लों ने बताया कि रायजा ने बचपन से ही निशानेबाजी के प्रति पूरी मेहनत और लगन दिखाई है। उसने जिस तरह लगातार मेहनत करते हुए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है, उससे पूरे परिवार को गर्व है। आज हमारी बेटी न केवल परिवार और गांव शामगढ़ का, बल्कि पूरे क्षेत्र और देश का नाम रोशन कर रही है। एशियाई खेलों और आईएसएसएफ विश्व चैंपियनशिप के लिए उसके चयन पर हमें बेहद खुशी है। हमें पूरा विश्वास है कि रायजा आगे भी इसी मेहनत और जुनून के साथ देश के लिए शानदार प्रदर्शन करेगी।

Share:

Comments

Leave a comment