राजस्थान मौसम अपडेट: उत्तर-पूर्वी इलाकों में बारिश की संभावना, 9 मई से हीटवेव अलर्ट—किसानों के लिए एडवाइजरी जारी

www.atalhind.com6 May 20262 min read2 viewsराजस्थान
राजस्थान मौसम अपडेट: उत्तर-पूर्वी इलाकों में बारिश की संभावना, 9 मई से हीटवेव अलर्ट—किसानों के लिए एडवाइजरी जारी

हीट वेव के मद्देनज़र सवाई माधोपुर जिले में किसानों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी

जयपुर/ 6 मई/ अटल हिन्द ब्यूरो

 

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

भारत मौसम विज्ञान विभाग, मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार उत्तर-पूर्वी राजस्थान में आगामी 2-3 दिनों तक कहीं-कहीं मेघगर्जन एवं हल्की वर्षा की संभावना है। इसके पश्चात मौसम शुष्क रहने तथा 9 मई से पुनः हीटवेव (लू) की स्थिति बनने के आसार हैं। इसी क्रम में सवाई माधोपुर जिले में भी आगामी 3-4 दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि संभावित है।

 

 

जिले में लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए कृषि विभाग द्वारा किसानों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की गई है। संयुक्त निदेशक कृषि लखपत लाल मीना ने बताया कि वर्तमान परिस्थितियों में जायद सीजन की फसलें, सब्जियां एवं फलदार पौधे गर्मी से प्रभावित हो सकते हैं, इसलिए समय रहते वैज्ञानिक उपाय अपनाना आवश्यक है।

 

उन्होंने बताया कि किसान फसलों में सिंचाई प्रातःकाल या सायंकाल ही करें तथा हल्की एवं बार-बार सिंचाई अपनाएं, जिससे मिट्टी में नमी बनी रहे। ड्रिप एवं स्प्रिंकलर पद्धति का उपयोग इस समय अधिक लाभकारी सिद्ध होता है। मिट्टी में नमी संरक्षण हेतु मल्चिंग (भूसा, सूखी घास अथवा प्लास्टिक) का उपयोग करें।

 

सब्जी फसलों एवं नर्सरी पौधों के लिए 50 प्रतिशत शेड नेट अथवा स्थानीय संसाधनों से अस्थायी छाया की व्यवस्था करें। फलदार पौधों के तनों पर सफेद चूना लगाने से तेज धूप से होने वाली क्षति को कम किया जा सकता है।

 

तेज गर्म हवाओं से बचाव के लिए खेत की मेड़ों पर वृक्षारोपण करना उपयोगी है। किसानों को सलाह दी जाती है कि वे दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच खेतों में कार्य करने से बचें तथा फसलों में मुरझाने के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत सिंचाई करें।

 

 

पशुपालकों के लिए भी सलाह दी गई है कि वे पशुओं को छायादार स्थान पर रखें, पर्याप्त स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराएं तथा सुबह के समय चारा दें।

मानव स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए किसानों से अपील की गई है कि वे अत्यधिक गर्मी में काम करते समय पर्याप्त पानी पीते रहें, हल्के व सूती कपड़े पहनें, सिर को ढककर रखें तथा बीच-बीच में विश्राम अवश्य करें।

 

कृषि विभाग ने किसानों से अनुरोध किया है कि वे मौसम पूर्वानुमान पर सतत नजर रखें तथा आवश्यकता होने पर नजदीकी कृषि कार्यालय से संपर्क कर मार्गदर्शन प्राप्त करें, ताकि हीट वेव के दौरान फसलों एवं पशुधन की प्रभावी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Share:

Comments

Leave a comment