श्रीकृष्ण की शिक्षाओं को अपने दैनिक जीवन में भी उतारें: मंत्री राजेश नागर

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर हरियाणा सरकार में मंत्री राजेश नागर ने फरीदाबाद के विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर भाग लिया तथा श्रद्धालुओं को पर्व की शुभकामनाएं दीं। मंत्री राजेश नागर ने इस्कॉन मंदिर सेक्टर-37 में आयोजित जन्माष्टमी महोत्सव में विशेष रूप से पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की और उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित किया।
भगवान श्रीकृष्ण का जीवन देता है धर्म और कर्म का संदेश
मंत्री राजेश नागर ने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें धर्म और कर्म का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण ने अपने जीवन में सत्य, न्याय, कर्तव्य और मानव कल्याण का मार्ग दिखाया। गीता के माध्यम से उन्होंने पूरी मानवता को कर्म करते रहने और फल की चिंता न करने का संदेश दिया। आज आवश्यकता है कि हम भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षाओं को केवल धार्मिक आयोजनों तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें अपने दैनिक जीवन में भी उतारें।
संस्कृति और संस्कार हमारी पहचान हैं
उन्होंने कहा कि भक्ति और आराधना के साथ सामाजिक सद्भाव, आपसी भाईचारा और भारतीय संस्कारों को मजबूत करना भी हमारी जिम्मेदारी है। हमारी संस्कृति और संस्कार हमारी पहचान हैं। हमें अपने बच्चों और युवा पीढ़ी को भी अपनी समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपनी जड़ों और परंपराओं से जुड़ी रहें।
विभिन्न मंदिरों और कार्यक्रमों में की शिरकत
जन्माष्टमी के अवसर पर मंत्री राजेश नागर ने दर्जनों स्थानों पर पहुंचकर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने श्री सिद्धदाता आश्रम, श्री परमहंस नंगली दिव्यधाम आश्रम, रामकृष्ण मंदिर सेक्टर-19, श्री कृष्णधाम मंदिर भूपानी, श्री बांकेबिहारी मंदिर एनआईटी, श्री शिव शक्ति मंदिर सेक्टर-28, गांव अरूआ, ब्रह्माकुमारी राजयोग केंद्र अशोका एन्क्लेव, डीडीए ग्राउंड सेक्टर-10 द्वारका दिल्ली, सेक्टर-76, वाई-ब्लॉक सेक्टर-76, सेक्टर-21डी, गांव मवई, हैबिटेट सेक्टर-78, श्री रघुनाथ मंदिर सेक्टर-28 तथा सेक्टर-3 कम्युनिटी सेंटर सहित अनेक स्थानों पर आयोजित जन्माष्टमी महोत्सव और कीर्तन कार्यक्रमों में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने सभी को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए भगवान श्रीकृष्ण से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।