राजीव गांधी की जयंती पर युवा कल्याण संगठन ने तोशाम में किया नमन, भिवानी में खेल आयोजन की उठी मांग

राजीव गांधी की जयंती पर युवा कल्याण संगठन ने किया नमन, तोशाम स्थित चौधरी रघबीर सिंह फार्म हाउस पर हुआ कार्यक्रम आयोजित
विष्णु दत्त शास्त्री/तोशाम, 20 अगस्त 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
युवा कल्याण संगठन द्वारा भारत के पूर्व प्रधानमंत्री एवं आधुनिक भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती तोशाम स्थित चौधरी रघबीर सिंह फार्म हाउस पर श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम में युवा कल्याण संगठन के संरक्षक एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता कमल सिंह प्रधान सहित संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
युवा कल्याण संगठन के संरक्षक एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता कमल सिंह प्रधान ने कहा कि राजीव गांधी आधुनिक भारत के स्वप्नदृष्टा थे। उन्होंने देश को 21वीं सदी की ओर ले जाने के लिए कंप्यूटर, सूचना प्रौद्योगिकी और दूरसंचार के क्षेत्र में क्रांतिकारी पहल की। 18 वर्ष की आयु में युवाओं को मतदान का अधिकार देकर उन्होंने युवा शक्ति को लोकतंत्र में महत्वपूर्ण भूमिका प्रदान की।
पंचायती राज संस्थाओं को मजबूत करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों तक विकास की पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में भी उनका योगदान उल्लेखनीय रहा। राजीव गांधी ने शिक्षा, विज्ञान और तकनीक को देश की प्रगति का आधार माना और उनके प्रयासों का प्रभाव आज के आधुनिक भारत में स्पष्ट दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को राजीव गांधी के आधुनिक, प्रगतिशील और वैज्ञानिक सोच वाले भारत के सपने को आगे बढ़ाना चाहिए।
युवा कल्याण संगठन के प्रधान देशमुख दादरवाल ने कहा कि राजीव गांधी ने युवाओं की प्रतिभा और ऊर्जा को देश की ताकत माना तथा उन्हें राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का काम किया। उनकी दूरदर्शी नीतियों के कारण भारत ने सूचना तकनीक, संचार और आधुनिक शिक्षा के क्षेत्र में नई दिशा प्राप्त की। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी के विचार आज भी युवाओं को देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रेरणा देते हैं।
इस अवसर पर युवा कल्याण संगठन ने वर्ष 2026 में भारत में होने जा रहे राष्ट्रमंडल खेलों में बॉक्सिंग सहित अन्य खेलों की मेजबानी हरियाणा के भिवानी जिले में करवाए जाने की मांग को लेकर चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान को और अधिक गति देने की आवश्यकता पर जोर दिया। संगठन ने कहा कि भिवानी को बॉक्सिंग की नर्सरी के रूप में देश-दुनिया में पहचान मिली है और यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजन करवाए जाने से क्षेत्र के खिलाड़ियों को नई प्रेरणा और बेहतर अवसर मिलेंगे।
संगठन ने भिवानी स्थित पंडित नेकीराम शर्मा राजकीय मेडिकल कॉलेज में खिलाड़ियों के लिए स्पोर्ट्स इंजरी सेंटर खोले जाने की भी मांग की। पदाधिकारियों ने कहा कि भिवानी और आसपास के क्षेत्रों के बड़ी संख्या में खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर रहे हैं। ऐसे में खिलाड़ियों को खेल के दौरान होने वाली चोटों के उपचार, पुनर्वास और विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए स्पोर्ट्स इंजरी सेंटर की अत्यंत आवश्यकता है।
कार्यक्रम में युवा कल्याण संगठन के महासचिव अजमेर खासा, सचिव सुमित भट्ट, वीर सिंह चौहान, समर सिंह, सुधीर सिंह पंघाल, सुभाष यादव, अशोक मलिक, विकास दहिया, सतबीर भुक्कल, ओम प्रकाश योगी, ओम प्रकाश सुथार, मुकेश ढाणी माहू, दिनेश, राजेश, रतन समेत सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस मौके पर उपस्थित सभी लोगों ने राजीव गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके विचारों और देश के प्रति योगदान को याद किया तथा युवा शक्ति, खेल और शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक कार्य करने का संकल्प लिया।