हिसार में किसान नेता राकेश टिकैत ने की मांग, यूपी के सीएम योगी की तर्ज पर हरियाणा सरकार कसे अपराधियों पर नकेल

किसान नेता राकेश टिकैत ने हिसार में एक बड़े बयान में कहा है कि हरियाणा में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तर्ज पर अपराध पर नकेल कसी जानी चाहिए और पुलिस को वैसा ही एक्शन लेना चाहिए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हरियाणा में अपराध चरम सीमा पर पहुंच चुका है।
जीवन कुंडू हत्याकांड के मामले में धरने पर पहुंचे थे राकेश टिकैत
राकेश टिकैत मंगलवार को सूर्य नगर निवासी डेयरी संचालक जीवन कुंडू हत्याकांड मामले में परिजनों व ग्रामीणों द्वारा लघु सचिवालय के समक्ष दिए जा रहे धरने को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि योगी सरकार की तरह अपराधियों का इंतजाम होना चाहिए और जब करनाल में एनकाउंटर हो सकता है, तो हिसार में क्यों नहीं हो सकता।
पुलिस की लेटलतीफी और न्याय की मांग पर जताई चिंता
उन्होंने दुख जताते हुए कहा कि जिस परिवार का बेटा, जिस बहन का भाई, जिस पत्नी का पति व जिस बच्चे का बाप इस दुनिया से चला गया, उन्हें ही न्याय की मांग पर धरने पर बैठना पड़ रहा है, जो बेहद अफसोसजनक है। यदि आरोपियों के खिलाफ दी गई शिकायत पर पुलिस समय रहते कार्रवाई करती तो यह दिन देखना नहीं पड़ता लेकिन पुलिस की लेटलतीफी की वजह से आरोपियों के हौंसले लगातार बढ़ते गए। अंत में उन्होंने कहा कि सरकार एवं प्रशासन को इस मामले में तुरंत कड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार करना चाहिए।