बाबैन में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया रक्षा बंधन का पावन पर्व, बाजारों में रही भारी भीड़

भाई-बहन के अटूट प्रेम का प्रतीक रक्षा बंधन हर्षोल्लास के साथ मनाया गया
मानव गर्ग/लाडवा/ 28 अगस्त 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
बाबैन क्षेत्र में भाई-बहन के पवित्र और अटूट रिश्ते का प्रतीक महापर्व रक्षा बंधन आज अत्यंत धूमधाम, हर्षोल्लास और पारंपरिक परंपरा के साथ मनाया गया है। सुबह से ही बहनों ने शुभ मुहूर्त में अपने भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र यानी राखी बांधकर उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना की है। बहनों ने थाली सजाकर भाइयों का तिलक किया, आरती उतारी और उनका मुंह मीठा कराया है।
बाजारों में रौनक और खरीदारी का माहौल
बाजार में राखी, उपहार और मिठाइयों की दुकानों पर खरीदारों की भारी भीड़ देखने को मिली है। खासकर रंग-बिरंगी राखियों और विशेष चॉकलेट-स्वीट्स की खूब बिक्री हुई है। भाइयों ने अपनी बहनों को उपहार, लिफाफे और जीवनभर रक्षा करने का वचन दिया है। राखी के त्यौहार के कारण बाबैन के मेन बाजार में भारी भीड़ रही है।
परिवहन और पारिवारिक उत्सव
महिलाओं की सुविधा के लिए सरकार द्वारा बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी गई है, जिसके कारण हरियाणा रोडवेज की बसों में ज्यादा भीड़ नजर आई है। शाम के समय परिवारों में एक साथ बैठकर भोजन और उत्सव मनाने का दौर चला है, जिससे चारों ओर खुशियों का माहौल रहा है।