जींद में रक्षा बंधन पर रोडवेज बसों में महिलाओं और बच्चों के लिए मुफ्त यात्रा की पूरी तैयारी

जींद, 26 अगस्त। महिलाएं और 15 वर्ष तक की आयु वाले बच्चे रक्षाबंधन पर्व पर रोडवेज साधारण बसों में मुफ्त में सफर कर सकेंगे। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 27 अगस्त गुरूवार को दोपहर 12 बजे के बाद से लेकर 28 अगस्त को रात 12 बजे तक महिलाओं व उनके बच्चों के लिए यह सुविधा रहेगी। मुख्यालय से प्रदेश के सभी रोडवेज महाप्रबंधक को इसके लिए पत्र जारी किया गया है। पत्र में कहा गया है कि इस दौरान महिलाओं व बच्चों सहित अन्य यात्रियों को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त संख्या में बसों का संचालन किया जाए।
बस स्टैंड पर स्टाफ और सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश
बस स्टैंड पर यात्रियों की सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में वर्दी में स्टाफ को तैनात रहने के भी निर्देश दिए गए हैं। यह कर्मचारी विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों की यात्रा से संबंधित जानकारी देंगे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी परिवहन विभाग ने जिला प्रशासन के साथ समन्वय करने को कहा है। ऐसे में सुरक्षा की दृष्टि से बस स्टैंड परिसर में पुलिसकर्मियों की ड्यूटी भी लगाई जाएगी। ये पुलिसकर्मी भीड़ में चोरी करने वाले शरारती तत्वों पर नजर बनाए रखेंगे।
जींद डिपो की बसों और यात्रियों की जानकारी
गौरतलब है कि जींद डिपो में रोडवेज बसों की कुल संख्या 165 है। इसमें से किलोमीटर स्कीम की 37 बस शामिल हैं। किलोमीटर स्कीम की बस पर चालक परिवहन समिति का आपरेटर होता है और परिचालक रोडवेज कर्मचारी होता है। वहीं डिपो में 10 एसी बस भी शामिल हैं। दिनभर में जींद डिपो की बसों में हर रोज 15 हजार से अधिक यात्री सफर करते हैं। इससे डिपो को 10 लाख से अधिक का राजस्व प्राप्त होता है। रक्षा बंधन पर महिलाओं के लिए निशुल्क सफर यात्रा होने से उन्हें काफी सुविधा होगी।
अधिकारियों का बयान
जींद डिपो के डीआई विजय कुंडू ने बताया कि हर बार की तरह इस बार भी रक्षा बंधन पर्व पर महिलाओं की सुविधा के लिए परिवहन विभाग की ओर से निशुल्क यात्रा की सुविधा रहेगी। इस दौरान महिलाओं के साथ उनके 15 साल तक के बच्चे भी मुफ्त यात्रा कर सकेंगे। यह सुविधा 27 अगस्त को दोपहर 12 बजे से लेकर 28 अगस्त को रात 12 बजे तक रहेगी। रक्षा बंधन पर महिलाओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। इस दौरान पर्याप्त संख्या में बसों का संचालन किया जाएगा।