रामपाल माजरा का आरोप: बीजेपी प्रदेश के सामाजिक भाईचारे को तोड़ने का कर रही है काम

रामपाल माजरा का आरोप: बीजेपी प्रदेश के सामाजिक भाईचारे को तोड़ने का कर रही है काम

चंडीगढ़ में इंडियन नेशनल लोकदल के प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा ने पार्टी मुख्यालय पर मीडिया को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की समाज को बांटने वाली नीति को आगे बढ़ाते हुए प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता हरियाणा प्रदेश के सामाजिक भाईचारे को तोड़ने का काम कर रही हैं। अर्चना गुप्ता ने कहा था कि एक विशेष वर्ग के लोग नौकरियां लूटने और दलाली का काम करते थे। इंडियन नेशनल लोकदल पार्टी इस बयान की कड़ी आलोचना करती है।

अर्चना गुप्ता के बयान पर पुलिस में दी गई शिकायत

अर्चना गुप्ता के इस बयान को लेकर पार्टी नेता प्रो. संपत सिंह ने हिसार में पुलिस को शिकायत भी दी है। भाजपा प्रदेश में भाईचारे के माहौल को खत्म करना चाहती है, लेकिन इंडियन नेशनल लोकदल ऐसा कभी नहीं होने देगी। हम प्रदेश के बाकी हिस्सों में भी बीजेपी अध्यक्ष अर्चना गुप्ता के खिलाफ शिकायत देंगे। अब अर्चना गुप्ता सफाई देते हुए कह रही है कि वह एक जाट की बेटी है। अगर वह जाट की बेटी है तो अपना सरनेम गुप्ता की बजाय जाट लिखें।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

बीजेपी नेताओं पर भाईचारे को खत्म करने वाले बयान देने का आरोप

बीजेपी ने हमेशा ही सामाजिक भाईचारे को तोडक़र वोट हासिल किए हैं। अर्चना गुप्ता जिस समुदाय को बदनाम कर रही है उसने देश को खाद्यान्न उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाया है। जब भी देश के ऊपर कोई संकट आया तो इसी विशेष वर्ग के लोग अपनी जान देने से पीछे नहीं हटे। अगर इस समुदाय ने कुछ ठान लिया, तो देश भूखा मर जाएगा। बीजेपी ने हमेशा ही समाज में जहर घोलने का काम किया है।

बीजेपी के इन नेताओं का किया जिक्र

बीजेपी के पूर्व सांसद राजकुमार सैनी, रामचंद्र जांगरा, विधायक रामकुमार गौतम, सांसद रेखा शर्मा ने कई बार भाईचारे के खत्म करने वाले बयान दिए हैं। लेकिन आज उनका नाम निशान भी नहीं बचा है।

विधानसभा के मानसून सत्र और जनहित के मुद्दों पर बात

हरियाणा विधानसभा के आगामी मानसून सत्र पर रामपाल माजरा ने कहा कि पार्टी के दोनों विधायक जनहित से जुड़े सभी मुद्दों को उठाएगी। आज प्रदेश के सभी वर्ग के लोग बीजेपी सरकार से दुखी है। प्रदेश में महंगाई बढ़ रही है, युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा, किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य नहीं मिल रहा है, कानून व्यवस्था भी खराब है, फिरौती और धमकियां मिल रही है।

Share:

Comments

Leave a comment