रामशरण माजरा में श्रद्धा और भक्ति के साथ हुआ वार्षिक हवन व विशाल भंडारा

रामशरण माजरा में नगर खेड़ा पर श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ हुआ वार्षिक हवन व विशाल भंडारा
बाबैन/30 अगस्त 2026/सुरेश अरोड़ा/अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
रामशरण माजरा में रविवार को नगर खेड़ा पर वार्षिक हवन एवं विशाल भंडारे का आयोजन बहुत ही श्रद्धा, आस्था और भक्ति भाव के साथ किया गया। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। सुबह से ही नगर खेड़ा को स्नान करवाने के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। पूरा वातावरण धार्मिक मंत्र उच्चारण एवं जयकारे से भक्तिमय बना हुआ था।
वार्षिक आयोजन के अवसर पर गांव की सुख-समृद्धि, खुशहाली, आपसी भाईचारे और परिवारों की मंगल कामना के लिए विधि-विधान से हवन किया गया। गांव के नंबरदार राकेश कुमार एवं होशियार सिंह की देखरेख में सभी धार्मिक रस्में परंपरागत रीति-रिवाज के अनुसार संपन्न करवाई गईं। ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से हवन कुंड में आहुति डाली। सभी ने ईश्वर से गांव में सुख-शांति एवं समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की।
इस अवसर पर धार्मिक रस्मों को पंडित वैभव शर्मा एवं पंडित अशोक अवस्थी ने मंत्रोच्चारण एवं विधि-विधान के साथ संपन्न करवाया। गांव की परंपरा के अनुसार नंबरदार राकेश कुमार व होशियार सिंह ने गांव के चारों तरफ जल की धार दी। गांव की सुख-शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना की गई। साथ ही सभी के स्वस्थ एवं सुखी जीवन की कामना की गई।
भंडारे में रामशरण माजरा के अलावा आसपास के अनेक गांवों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। ग्रामीणों में सरपंच प्रतिनिधि ओमप्रकाश, जगपाल सिंह, तरसेम राय, बलकार सिंह, शिव राम, अमित सैनी, कौशल सैनी, कैप्टन कृष्ण लाल, जगमाल सिंह, नरेश सैनी, सोमनाथ, मनीष सैनी, जसविन्द्र सैनी, पारस और राहुल उपस्थित रहे। इन सभी का कहना था कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों से समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे की भावना मजबूत होती है। इससे युवा पीढ़ी को भी अपनी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम के समापन पर सभी ने ईश्वर से गांव एवं क्षेत्र में सुख-शांति, खुशहाली और समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की। गांव के युवाओं की टीम ने लंगर बांटने व बर्तन सफाई की सेवा की। इस सेवा कार्य में छोटे बच्चों ने भी पूरा सहयोग किया।