बारिश के मौसम में अधिकारी नहीं छोड़ेंगे मुख्यालय: रणबीर गंगवा, जल निकासी के पुख्ता इंतजाम के निर्देश

बारिश के मौसम में अधिकारी नहीं छोड़ेंगे मुख्यालय: रणबीर गंगवा, जल निकासी के पुख्ता इंतजाम के निर्देश

हरियाणा के जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने बारिश के मौसम को देखते हुए सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को मुख्यालय न छोड़ने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही जल निकासी की व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

जल निकासी के लिए मशीनरी व अन्य इंतजाम पूरी तरह तैयार रखें

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

चंडीगढ़ में 12 अगस्त को कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने अपने कार्यालय में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में उन्होंने बारिश के दौरान जल निकासी, पेयजल व्यवस्था, वाटर टैंकों, विभागीय इंफ्रास्ट्रक्चर तथा जल संरक्षण से जुड़े विभिन्न विषयों की समीक्षा की। उन्होंने हाल ही में हुई बारिश के दौरान प्रदेश के विभिन्न सर्किलों में पानी की निकासी के लिए किए गए इंतजामों की सर्किल वाइज जानकारी भी हासिल की।

कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने स्पष्ट किया कि बारिश के दौरान किसी भी क्षेत्र में जलभराव की स्थिति पैदा न हो। इसके लिए मशीनरी, पाइप, मोटर तथा अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता पहले से सुनिश्चित की जाए। जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

मशीनरी का प्रभावी इस्तेमाल और पर्याप्त उपकरण

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल निकासी को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। इसके लिए सुपर सकर मशीन, जेटिंग मशीन सहित उपलब्ध अन्य मशीनरी का प्रभावी इस्तेमाल करने को कहा गया है। पाइप, मोटर और अन्य आवश्यक उपकरण पर्याप्त मात्रा में तैयार रखे जाएं। ताकि बारिश के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या आने पर मौके पर ही तत्काल कार्रवाई की जा सके।

सावन के महीने और लगातार हो रही बारिश को देखते हुए मंत्री गंगवा ने दोहराया कि अधिकारी किसी भी सूरत में मुख्यालय न छोड़ें। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करें। बारिश के दौरान जलभराव अथवा जल निकासी से संबंधित कोई समस्या सामने आती है तो उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए।

पुराने व खराब वाटर टैंकों के अपग्रेडेशन के लिए सर्किल वाइज तैयार होगी रिपोर्ट

कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने प्रदेशभर में खराब हो चुके वाटर टैंकों तथा पुराने ईंटों से बने वाटर टैंकों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को इनका सर्किल वाइज डाटा तत्काल मुख्यालय भेजने के निर्देश दिए। ऐसे वाटर टैंकों के अपग्रेडेशन के लिए एस्टीमेट भी तुरंत तैयार किए जाएं।

एस्टीमेट तैयार होने से विभागीय स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी। इसके बाद इनके सुधार एवं अपग्रेडेशन का कार्य जल्द शुरू किया जा सकेगा। इससे आमजन को बेहतर एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी।

मंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि जिला स्तर पर होने वाली बैठकों में प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित की जाए। आवश्यकता के अनुसार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठकों में शामिल हुआ जाए। इससे विभागीय मुद्दों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी।

Share:

Comments

Leave a comment