कर्नाटक की तर्ज पर हरियाणा के सफाई कर्मचारियों को पक्का करे नायब सैनी सरकार : रणदीप सुरजेवाला

कर्नाटक की तर्ज पर हरियाणा के सफाई कर्मचारियों को पक्का करे नायब सैनी सरकार : रणदीप सुरजेवाला

कर्नाटक की तर्ज पर हरियाणा के सफाई कर्मचारियों को पक्का करे नायब सैनी सरकार : रणदीप सुरजेवाला

चुनावी वादे करके सत्ता में आई भाजपा अपने ही लिखित समझौतों से मुकरी,लाठी और दमन की नीति छोड़ तुरंत मांगे पूरी करे भाजपा!

बात सुनने की बजाय पुलिस के डंडे,मुकदमें दर्ज, नौकरी बर्खास्तगी जैसे दमनकारी तरीकों से सफाई कर्मियों की आवाज दबाना चाहती है तानाशाह सरकार।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

पूरे हरियाणा में जगह-जगह लगे कचरे के ढेर, बारिश के मौसम में महामारियों का बढ़ा खतरा; जनता की सुध लेने वाला कोई नहीं।

नरेंद्र जेठी/नरवाना /06 सितंबर  2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स

कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद श्री रणदीप सिंह सुरजेवाला ने एक विस्तृत बयान जारी कर हरियाणा की नायब सिंह सैनी सरकार पर सफाई कर्मचारियों के साथ विश्वासघात करने का तीखा आरोप लगाया है। रविवार को नरवाना में अपने आवास पर सुरजेवाला ने कहा कि सफाई कर्मचारी हमारे समाज की रीढ़ हैं, जो अपनी जान जोखिम में डालकर हमारे शहरों और गांवों को स्वच्छ रखते हैं। लेकिन विडंबना यह है कि हरियाणा की भाजपा सरकार ने पिछले 12 वर्षों में इन कर्मचारियों को सिर्फ कोरे आश्वासन और झूठे वादे दिए हैं। आज भी हजारों सफाई कर्मचारी ठेका प्रथा और कच्चे रोजगार के जाल में फंसकर न्यूनतम वेतन पर काम करने को मजबूर हैं। उन्हें न तो सामाजिक सुरक्षा मिल रही है और न ही सम्मानजनक जीवन। सुरजेवाला ने हरियाणा में चल रही सफाई कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल का पुरजोर समर्थन करते हुए मांग की है कि कर्नाटक की कांग्रेस सरकार की तर्ज पर हरियाणा में भी सभी कच्चे सफाई कर्मचारियों को तुरंत प्रभाव से पक्का किया जाए।

वरिष्ठ नेता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि सफाई कर्मचारियों के हकों के लिए कर्नाटक में कांग्रेस ने रास्ता दिखाया है, अब हरियाणा की भाजपा सरकार नीयत दिखाए। एक तरफ कर्नाटक में कांग्रेस पार्टी की सरकार है, जिसने सफाई कर्मचारियों के कल्याण और उनके गरिमापूर्ण जीवन को प्राथमिकता देते हुए उनकी नौकरियों को पक्का करने का ऐतिहासिक काम किया है। दूसरी तरफ हरियाणा की 'नौकरी विरोधी' और शोषक भाजपा सरकार है, जो बरसों से प्रदेश को स्वच्छ रखने वाले इन कोरोना योद्धाओं और श्रमवीरों को उनका जायज हक देने की बजाय लगातार धोखा दे रही है। उन्होंने सवाल किया कि जब कर्नाटक में सफाई कर्मचारियों को पक्का किया जा सकता है, तो हरियाणा की समृद्ध भूमि पर अपने पसीने से स्वच्छता की इबारत लिखने वाले भाई-बहनों को उनके अधिकारों से वंचित क्यों रखा जा रहा है? कर्नाटक में कांग्रेस पार्टी की सरकार ने सफाई कर्मचारियों के प्रति अपनी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता को साबित किया है। कांग्रेस जो कहती है, वो करके दिखाती है। कर्नाटक का यह कदम इस बात का प्रमाण है कि अगर सरकार की नीयत साफ हो, तो कर्मचारियों का भला किया जा सकता है।
हरियाणा की भाजपा सरकार की नीयत में खोट
हरियाणा सरकार पर कड़ा प्रहार करते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी केवल घोषणाओं के मुख्यमंत्री बनकर रह गए हैं। धरातल पर सफाई कर्मचारियों की सुध लेने वाला कोई नहीं है। आए दिन प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में सफाई कर्मचारी अपनी जायज मांगों को लेकर हड़ताल और प्रदर्शन करने पर मजबूर हैं। लेकिन यह सरकार उनकी आवाज सुनने के बजाय दमनकारी नीतियां अपना रही है।

सांसद रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि हरियाणा की जनता महामारियों के मुहाने पर खड़ी है परंतु प्रदेश सरकार उगाही में व्यस्त है। सुरजेवाला ने जनता की परेशानी का जिक्र करते हुए कहा कि सफाई कर्मचारियों की जायज मांगों को अनसुना करने की वजह से आज पूरे हरियाणा के शहरों और कस्बों में हजारों टन कचरे के ढेर लग चुके हैं। बारिश के इस मौसम में दूषित पानी और गंदगी के चलते आम जनता, बुजुर्ग और बच्चे गंभीर महामारियों के मुहाने पर खड़े हैं। लेकिन जनता को इस संकट में धकेलने के बाद भी भाजपा सरकार बुनियादी सुधार करने की बजाय 'ठोस अपशिष्ट शुल्क' (सॉलिड वेस्ट चार्ज) को दोगुना कर जनता की जेब काटने और जबरन उगाही के नए-नए फरमान जारी कर रही है।

सुरजेवाला ने तीखा प्रहार करते हुए कहा कि जिम्मेदारी से भाग रहे मुख्यमंत्री श्रीमान नायब सैनी हर जायज मांग और हक की आवाज को बस पुलिस के डंडे और दमन से दबाना चाहते हैं। बात सुनने और समाधान निकालने की बजाय, यह सरकार आंदोलनकारी सफाई कर्मचारियों पर मुकदमे दर्ज करने, उन्हें नौकरी से निकालने की धमकियां देने और 48 घंटे के अल्टीमेटम का तानाशाही फरमान जारी करने में लगी है। कई जगह हमारे सफाई कर्मचारी भाई-बहनों को गिरफ्तार किया जा रहा है। उन्होंने सरकार को चेताया कि लोकतंत्र में लाठी और दमन के दम पर आंदोलन खत्म नहीं कराए जा सकते, सरकार को अपना अहंकार छोड़कर धरातल पर आना ही होगा।

सुरजेवाला ने कहा कि अपने हकों के लिए संघर्षरत सफाई कर्मचारियों के समर्थन में कांग्रेस पार्टी की ओर से कुछ मांगें हैं जिनमें सफाई व्यवस्था में व्याप्त भ्रष्टाचार और ठेका प्रणाली (कौशल रोजगार निगम आदि के शोषण) को तुरंत समाप्त किया जाए। कर्नाटक सरकार के मॉडल को अपनाते हुए हरियाणा के सभी कच्चे, रोल और ठेका प्रथा के तहत काम कर रहे सफाई कर्मचारियों व सीवरमैनों को नियमित (पक्का) किया जाए। आंदोलनकारी कर्मचारियों के खिलाफ दर्ज मुकदमे, गिरफ्तारियां और नौकरी बर्खास्तगी जैसे दमनकारी फरमान तुरंत वापस लिए जाएं।
सरकार द्वारा पूर्व में माने गए भत्ते, समान काम के लिए समान वेतन और आर्थिक सुरक्षा के वादे तुरंत पूरे किए जाएं। सीवर और सफाई के दौरान हादसों का शिकार होने वाले कर्मचारियों के परिवारों के लिए पुख्ता आर्थिक मदद और सुरक्षा उपकरणों की शत-प्रतिशत उपलब्धता सुनिश्चित की जाए आदि हैं 

रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा सरकार याद रखे कि सफाई कर्मचारियों की हकमारी और प्रदेश के लोगों की आंखों में धूल झोंकने का यह खेल अब और नहीं चलेगा। कांग्रेस पार्टी सड़क से लेकर संसद तक कर्मचारियों के हक की लड़ाई लड़ेगी। यदि नायब सैनी सरकार ने तुरंत प्रभाव से बातचीत का रास्ता अख्तियार कर कर्मचारियों को पक्का करने का नीतिगत फैसला नहीं लिया, तो हरियाणा की जनता और श्रमिक वर्ग इस अहंकारी सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकने का काम करेगा।

Share:

Comments

Leave a comment