राव इंद्रजीत सिंह ने केंद्रीय रेल मंत्री से की रेवाड़ी, पटौदी और गुरुग्राम रेलवे स्टेशनों पर प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग

सांसद व केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने बुधवार को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की है। उन्होंने इस दौरान लोकसभा क्षेत्र की विभिन्न रेल समस्याओं को रेल मंत्री के समक्ष प्रमुखता से रखा है।
गुरुग्राम और रेवाड़ी में बढ़ रही है यात्रियों की संख्या
राव इंद्रजीत सिंह ने रेल मंत्री को इस बात से अवगत कराया है कि गुरुग्राम और रेवाड़ी हरियाणा के बहुत तेजी से बढ़ते हुए औद्योगिक क्षेत्र हैं। इन क्षेत्रों में स्थानीय यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसके साथ ही देशभर से आए प्रवासी यात्रियों की संख्या में भी लगातार इजाफा हो रहा है।
प्रमुख ट्रेनों के ठहराव और मेमू ट्रेन की मांग
राव इंद्रजीत सिंह ने रेवाड़ी रेलवे स्टेशन, पटौदी रेलवे स्टेशन व गुरुग्राम रेलवे स्टेशन पर अनेक प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग उठाई है। इसके साथ ही उन्होंने रेल मंत्री से दिल्ली रेवाड़ी रेल सेक्शन पर मेमू ट्रेन के संचालन की मांग को भी उठाया है। रेल मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को राव इंद्रजीत द्वारा उठाई गई सभी मांगों पर गंभीरता से विचार करने के निर्देश दिए हैं। रेल मंत्री ने अधिकारियों को इन मांगों के क्रियान्वयन के भी निर्देश दिए हैं।
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकास कार्यों की समीक्षा
राव इंद्रजीत ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत गुरुग्राम, रेवाड़ी व पटौदी रेलवे स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा रेल मंत्री के साथ की है। उन्होंने रेल मंत्री से कहा है कि इन रेलवे स्टेशनों के निर्माण कार्य की गति को तेज किया जाए। निर्माण कार्य तेज होने से आम लोगों को जल्द ही सभी बुनियादी सुविधाएं मिल सकेंगी।
गुरुग्राम रेलवे स्टेशन पर खर्च हो रहे हैं 300 करोड़ रुपये
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जानकारी दी है कि गुरुग्राम रेलवे स्टेशन के निर्माण पर करीब 300 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इस पांच मंजिल स्टेशन के निर्माण में विभिन्न प्रकार की व्यावसायिक गतिविधियों को भी संचालित किया जाएगा। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकास कार्य पूर्ण होने के बाद ट्रेनों के ठहराव में और अधिक बढ़ोतरी की जाएगी। इसके अलावा राव इंद्रजीत सिंह ने रेल मंत्री के समक्ष विभिन्न अंडरपासों के निर्माण और रेलवे हाल्ट के बारे में भी विस्तार से चर्चा की है। उन्होंने विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर फुट ओवर ब्रिज बनाने की मांग भी रेल मंत्री के समक्ष रखी है।