रेवाड़ी में मुख्यमंत्री के मंच से केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह की दूरी ने बढ़ाई सियासी हलचल

हरियाणा की राजनीति में एक बार फिर से बड़ी चर्चा शुरू हो गई है। यह चर्चा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और गुरुग्राम के सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के बीच कथित दूरी को लेकर है। रविवार को रेवाड़ी में आयोजित नशे के खिलाफ मैराथन कार्यक्रम में राव इंद्रजीत सिंह की गैरहाजिरी ने इन चर्चाओं को और ज्यादा हवा दे दी है।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि थे राव इंद्रजीत
इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए थे। प्रशासन की ओर से राव इंद्रजीत सिंह को विशिष्ट अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया गया था। इन सबके बावजूद कार्यक्रम से विशिष्ट अतिथि पूरी तरह से गैरहाजिर रहे। उनकी इस गैरहाजिरी को लेकर राजनीतिक हलकों में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। हालांकि राव इंद्रजीत सिंह की अनुपस्थिति को लेकर कोई भी आधिकारिक कारण सामने नहीं आया है। ऐसे में उनकी गैरहाजिरी को लेकर उठ रही चर्चाओं को फिलहाल राजनीतिक अटकलों के तौर पर ही देखा जा रहा है।
लगातार तीन कार्यक्रमों से सांसद रहे नदारद
पिछले कुछ दिनों में ही मुख्यमंत्री नायब सैनी के रेवाड़ी में कुल तीन कार्यक्रम हो चुके हैं। इन सभी कार्यक्रमों में केंद्रीय मंत्री की गैरहाजिरी दक्षिणी हरियाणा में एक बड़ा चर्चा का विषय बनी हुई है। स्थानीय लोगों में इस बात की भी बहुत चर्चा बनी हुई है कि भाजपा विधायक लक्ष्मण सिंह यादव को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की ओर से विशेष तरजीह दी जा रही है। लक्ष्मण यादव और राव इंद्रजीत सिंह के बीच चल रही राजनीति भी अब चर्चा का विषय बन गई है।
मुख्यमंत्री की सक्रियता और सांसद की दूरी पर चर्चा
इसके साथ-साथ मुख्यमंत्री की दक्षिणी हरियाणा में लगातार बढ़ती सक्रियता और राव इंद्रजीत सिंह की मुख्यमंत्री के हर कार्यक्रम से दूरी भी चर्चा का विषय बन रही है। मैराथन कार्यक्रम के दौरान जब मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से राव इंद्रजीत सिंह की गैरहाजिरी को लेकर मीडिया द्वारा सवाल पूछा गया, तो उन्होंने इस पर कोई जवाब नहीं दिया। लगातार तीन कार्यक्रमों से राव इंद्रजीत सिंह की गैरहाजिरी महज एक संयोग नहीं हो सकती है। इसके पीछे कोई जरूर बड़ा राजनीतिक कारण हो सकता है। दक्षिण हरियाणा की राजनीति में मुख्यमंत्री की बढ़ती सक्रियता और राव इंद्रजीत सिंह की दूरी को लेकर चर्चाओं का दौर लगातार जारी है।