फरीदाबाद में राष्ट्रीय जनशक्ति पार्टी का हुआ गठन, राष्ट्रहित और जनहित की राजनीति का किया ऐलान

देश में एक नए राजनीतिक विकल्प के रूप में राष्ट्रीय जनशक्ति पार्टी के गठन की आज औपचारिक घोषणा कर दी गई है। फरीदाबाद में आयोजित पार्टी की पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस में कुंवर विकास चौहान ने पार्टी के गठन की घोषणा की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनशक्ति पार्टी देशहित, जनहित और राष्ट्र निर्माण को केंद्र में रखकर अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू कर रही है।
कुंवर विकास चौहान ने कहा कि आज देश को ऐसी राजनीति की आवश्यकता है जो जनता की आवाज को प्राथमिकता दे। यह पार्टी राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को मजबूत करेगी और आम नागरिकों के हितों के लिए ईमानदारी से काम करेगी। राष्ट्रीय जनशक्ति पार्टी इसी उद्देश्य के साथ देश की राजनीति में अपना स्थान बनाने के लिए आगे बढ़ेगी।
युवा, किसान और मजदूरों पर रहेगा विशेष फोकस
उन्होंने कहा कि पार्टी का विशेष फोकस युवा, किसान, मजदूर, व्यापारी, महिला और आम नागरिक से जुड़े मुद्दों पर रहेगा। देश के युवाओं को बेहतर अवसर देना और किसानों को सम्मानजनक जीवन प्रदान करना पार्टी का लक्ष्य है। आम जनता को बेहतर शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाएं देना तथा शासन में पारदर्शिता पार्टी की प्राथमिकताओं में शामिल होंगी।
जनता की आवाज को राजनीतिक मंच देना मुख्य उद्देश्य
कुंवर विकास चौहान ने कहा कि राष्ट्रीय जनशक्ति पार्टी केवल चुनाव लड़ने के उद्देश्य से नहीं आई है। पार्टी एक मजबूत राजनीतिक एवं सामाजिक विकल्प तैयार करने के संकल्प के साथ अस्तित्व में आई है। पार्टी देश के विभिन्न राज्यों में अपना संगठन खड़ा करेगी और जमीनी स्तर पर जनता से संवाद स्थापित करेगी।
उन्होंने कहा कि पार्टी भारतीय संस्कृति, राष्ट्र की एकता-अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध रहेगी। पार्टी जनता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को पूरी मजबूती के साथ उठाएगी।
देशभर में संगठन विस्तार की तैयारी
प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी गई कि पार्टी आगामी दिनों में देश के विभिन्न राज्यों, जिलों और विधानसभा क्षेत्रों में संगठन विस्तार की प्रक्रिया शुरू करेगी। बड़ी संख्या में युवाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं को पार्टी से जोड़ने की योजना बनाई जा रही है। कुंवर विकास चौहान ने कहा कि राष्ट्रीय जनशक्ति पार्टी जनता की शक्ति को राष्ट्र की शक्ति में बदलने के संकल्प के साथ आगे बढ़ेगी।
हमारा उद्देश्य एक ऐसा मजबूत राजनीतिक विकल्प तैयार करना है, जिसमें राष्ट्रहित और जनहित सर्वोच्च प्राथमिकता हो। उन्होंने देशवासियों से अपील करते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण के इस प्रयास में सभी वर्गों के लोग आगे आएं। सभी लोग सकारात्मक एवं जनहितकारी राजनीति को मजबूत करने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।