रेवाड़ी में खड़गे मंच शुद्धिकरण विवाद पर कैप्टन अजय सिंह यादव का प्रदर्शन, बेसहारा गोवंश और संसद ठप होने पर उठाए गंभीर सवाल

रेवाड़ी में वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव के नेतृत्व में मॉडल टाउन स्थित उनके निवास से गांधी चौक तक पैदल विरोध प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ता हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे जी के भाषण के बाद मंच के कथित शुद्धिकरण की घटना के विरोध में नारेबाजी करते हुए गांधी चौक पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने वहां महात्मा गांधी जी की प्रतिमा के समक्ष अपना विरोध दर्ज कराया।
मंच का कथित शुद्धिकरण संविधान और सामाजिक समानता का अपमान
कैप्टन अजय सिंह यादव ने कहा कि हल्द्वानी में मल्लिकार्जुन खड़गे के भाषण के मंच के कथित शुद्धिकरण की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण, निंदनीय और देश के लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक मूल्यों के लिए चिंताजनक है। किसी व्यक्ति की जाति के आधार पर उसके साथ भेदभाव करना केवल उस व्यक्ति का अपमान नहीं है। यह भारत के संविधान, सामाजिक समानता और करोड़ों दलित एवं वंचित नागरिकों की गरिमा का अपमान है। कैप्टन यादव ने कहा कि डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर ने जिस सामाजिक समानता और सम्मान के लिए संविधान के माध्यम से मजबूत व्यवस्था दी, आज भी उसी संविधान की भावना की रक्षा करना हमारी जिम्मेदारी है। जाति के आधार पर किसी व्यक्ति को छोटा-बड़ा समझने वाली मानसिकता को देश स्वीकार नहीं कर सकता। कैप्टन यादव ने कहा कि कांग्रेस हमेशा सामाजिक न्याय, संविधान की रक्षा और वंचित वर्गों के सम्मान की लड़ाई लड़ती रही है और आगे भी मजबूती से लड़ती रहेगी। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं देश को बांटने वाली सोच को उजागर करती हैं और इनके खिलाफ समाज के हर वर्ग को आवाज उठानी चाहिए।
संसद के मानसून सत्र और बेसहारा गोवंश के मुद्दों पर प्रशासन को घेरा
उन्होंने कहा कि इसी तरह संसद में भी लोकतांत्रिक मूल्यों की अनदेखी देखने को मिली है। लोकसभा का मानसून सत्र अपने निर्धारित समय का महज करीब 15 प्रतिशत ही चल सका है। विपक्ष प्रधानमंत्री और गृह मंत्री से गंभीर मुद्दों पर जवाब मांगता रहा, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह संसद में ही नहीं पहुंचे। जनता के टैक्स के करोड़ों रुपये खर्च होने वाली संसद का समय बर्बाद होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। कैप्टन यादव ने रेवाड़ी में महज सात दिनों में बेसहारा गोवंश के हमले में दो लोगों की मौत पर नगर परिषद और प्रशासन को भी घेरा है। उन्होंने कहा कि सेक्टर-4 में 80 वर्षीय रिटायर्ड कैप्टन जगराम जी और माता चौक पर एक बुजुर्ग की मौत व्यवस्था की गंभीर विफलता है। टेंडर और बजट होने के बावजूद सड़कों पर सैकड़ों बेसहारा पशु क्यों घूम रहे हैं, इसका जवाब नगर परिषद को देना होगा। इस मौके पर जिला कांग्रेस कमेटी के ग्रामीण अध्यक्ष सुभाष छावडी, शहरी अध्यक्ष प्रवीण चौधरी, पूर्व जिला अध्यक्ष हरीश सैनी, बीर सिंह प्रजापत, एससी सेल के अध्यक्ष रमेश ठेकेदार सहित कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी व सैकड़ो की संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।