रेवाड़ी में राज्य स्तरीय हाफ मैराथन का आयोजन, ट्रैफिक डायवर्ट और रूट की पूरी जानकारी

रेवाड़ी में राज्य स्तरीय हाफ मैराथन का आयोजन, ट्रैफिक डायवर्ट और रूट की पूरी जानकारी

रेवाड़ी शहर में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय हाफ मैराथन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने अपनी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस मैराथन प्रतियोगिता में करीब 90 हजार प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इस हाफ मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। आयोजन से पहले सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा ने शनिवार को पूरी जानकारी साझा की है।

मैराथन के दौरान ट्रैफिक रहेगा बंद

एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा ने बताया कि छह सितंबर को दोपहर 12 बजे तक धारूहेड़ा-गुरुग्राम-दिल्ली रोड पर एनएच-52 फ्लाईओवर के नीचे से अभय सिंह चौक तक वाहनों का आवागमन पूरी तरह से बंद रहेगा। इसके अलावा सुबह छह बजे से दोपहर 12 बजे तक आउटर सर्कुलर रोड पर भी यातायात प्रतिबंधित रहेगा। यह प्रतिबंध राव अभय सिंह चौक, पंडित भगवत दयाल चौक, पोसवाल चौक और राजेश पायलट चौक होते हुए बीएमजी एलिगेंट सिटी तक लागू रहेगा।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

वैकल्पिक मार्ग और रूट डायवर्जन

नारनौल और महेंद्रगढ़ से गुरुग्राम, दिल्ली व जयपुर जाने वाले वाहन हरि नगर फ्लाईओवर से रेवाड़ी बाइपास, गोकलगढ़, प्रजापति चौक होते हुए एनएच-352 से आगे जा सकेंगे। चालक चाहें तो एनएच-11 का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। गुरुग्राम और दिल्ली से नारनौल व महेंद्रगढ़ जाने वाले वाहन पुलिस लाइन के पास एनएच-352 से एनएच-11 का रास्ता अपना सकेंगे। रेवाड़ी शहर में आने वाले वाहन रेवाड़ी-धारूहेड़ा रोड से एनएच-352ए, मीरपुर रोड फ्लाईओवर के नीचे, प्रजापति चौक, गोकलगढ़ और रेवाड़ी बाइपास होकर पहुंच सकेंगे। इसके अलावा एनएच-11 से बावल रोड और आईओसी चौक होते हुए भी शहर में प्रवेश किया जा सकेगा।

बसों और पार्किंग की व्यवस्था

पटौदी, झज्जर, गुरुग्राम और दिल्ली जाने वाली बसें सर्कुलर रोड से झज्जर चौक होकर चलेंगी। जयपुर व दिल्ली की बसें बावल रोड और एनएच-11 के रास्ते से जाएंगी। मैराथन में भाग लेने वाले प्रतिभागियों के वाहनों के लिए नए बस स्टैंड और दिल्ली रोड स्थित बालाजी मार्केट के पास पार्किंग की विशेष व्यवस्था की गई है।

Share:

Comments

Leave a comment