रेवाड़ी में मेघवाल उत्थान समिति का सम्मेलन: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 10 सूत्रीय मांगें पूरी करने की घोषणा की

मेघवाल उत्थान समिति हरियाणा के तत्वावधान में रेवाड़ी के बावल अनाज मंडी में अनुसूचित जाति समरसता सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। मुख्यमंत्री के पहुंचने पर समिति पदाधिकारियों और समाज के हजारों लोगों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार अनुसूचित जाति समाज के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर, महात्मा ज्योतिबा फुले और संत शिरोमणि गुरु रविदास जैसे महापुरुषों के दिखाए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। सम्मेलन में उमड़े जनसमूह और भव्य आयोजन को देखकर मुख्यमंत्री ने आयोजन समिति की पीठ थपथपाई।
मंच संचालन एडवोकेट रजवंत डहिनवाल ने किया। उन्होंने मेघवाल उत्थान समिति हरियाणा की ओर से 10 सूत्रीय मांग पत्र मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। मुख्यमंत्री ने मांग पत्र पर विशेष ध्यान देते हुए मंच से घोषणा की कि इसमें रखी गई मांगों को पूरा करने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे। साथ ही उन्होंने मेघवाल उत्थान समिति हरियाणा को 31 लाख रुपये का अनुदान देने की घोषणा की। घोषणा के बाद समाज के लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ मुख्यमंत्री का आभार जताया।
कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए समाज की एकजुटता की सराहना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हर वर्ग के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। उनकी कार्यशैली और सहज स्वभाव से प्रदेश की जनता में सरकार के प्रति विश्वास बढ़ा है। सम्मेलन में समिति के प्रधान वेदप्रकाश मेघवाल ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह सहित मंचासीन अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
समिति के सचिव भूपेंद्र मेघवाल शेखपुर ने कहा कि समाज ने जिस संस्था का पौधा लगाया था, मुख्यमंत्री ने सम्मेलन में पहुंचकर उसे सींचने का कार्य किया है। इस अवसर पर बावल विधायक डॉ. कृष्ण कुमार, पूर्व मंत्री डॉ. बनवारी लाल, विधायक लक्ष्मण यादव, कोसली विधायक अनिल यादव, पीपीपी कॉर्डिनेटर सतीश खोला, डॉ अरविंद यादव, पूर्व मंत्री चौधरी जसवंत सिंह, पूर्व विधायक रामबीर पटौदी, डॉ. पवन धनवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सम्मेलन का उद्देश्य समाज में समरसता, शिक्षा, नशा मुक्ति और भाईचारे को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम में संयोजक वेद प्रकाश, कानूनी सलाहकार एडवोकेट रजवंत डहिनवाल, अध्यक्ष सूरजभान मेघवाल, जगदीश प्रसाद डहिनवाल, सचिव भूपेंद्र मेघवाल शेखपुर, मुख्य सलाहकार सांवत सिंह पूर्व सरपंच, जिला प्रधान रेवाड़ी महेंद्र सिंह झाझरिया, विक्रम मेघवाल बेरवाल, भानसिंह मेघवाल खोरी, रूड़ाराम मेघवाल, फतेसिंह, हीरासिंह, बलबीर मेघवाल, राधेश्याम, सतीश मेघवाल, सत्यपाल धूपिया, दिनेश, डॉ. सुरेंद्र रामपुरा, मास्टर बलवंत, प्रीतम सहित हजारों गणमान्य लोग उपस्थित रहे। समिति ने मुख्यमंत्री और सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।