रेवाड़ी में विधायक अनिल यादव बोले- जन शिकायतों का होना चाहिए स्थाई समाधान, अधिकारियों को दिए निर्देश

कोसली के विधायक अनिल यादव ने आज जाटूसाना खंड कार्यालय में जनसमस्याओं की सुनवाई की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन शिकायतों का समाधान स्थाई रूप से होना चाहिए। एक बार जो समस्या उनके सामने आई हुई है, उसका फिर से दोहराव ना हो।
समाधान शिविर को लेकर कही यह बात
विधायक अनिल यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जन शिकायतों का निवारण करवाने के लिए समाधान शिविर की व्यवस्था लागू की है। यह तभी सफल हो पाएगी, जब जन समस्याओं को जड़ से खत्म किया जाएगा। इसलिए सभी विभागों के अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि जन शिकायतों का निराकरण किए जाने के बाद एक बार उसकी फिर से पड़ताल करें। इस कार्य में जिला प्रशासन या उनकी तरफ से अधिकारियों को किसी प्रकार की मदद की आवश्यकता है तो वह अवश्य की जाएगी।
साप्ताहिक जनसुनवाई कार्यक्रमों का आयोजन
विधायक ने कहा कि केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह एवं स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव के मार्गदर्शन में वे हर सप्ताह जनसुनवाई कार्यक्रमों का आयोजन कर रहे हैं। जिनका एकमात्र मकसद जनता की शिकायतों को कम करना है। इस अवसर पर बीडीपीओ कविता, बिजली वितरण निगम, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी, पंचायत आदि विभागों के अधिकारी तथा पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे।