रेवाड़ी विधायक लक्ष्मण सिंह यादव पहुंचे डहीना, गिनाए कोसली कार्यकाल के विकास कार्य

रेवाड़ी के विधायक एवं भाजपा हरियाणा के प्रदेश उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह यादव आज गांव डहीना में बिजेंद्र डहीना के निवास पर चाय पर पहुंचे। इस दौरान ग्रामीणों एवं गणमान्य लोगों ने उनका स्वागत किया। विधायक ने उपस्थित लोगों से क्षेत्र के विकास एवं संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर चर्चा की और कोसली से विधायक रहते हुए स्वीकृत एवं शुरू कराए गए विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी साझा की।
कोसली कार्यकाल के दौरान शिक्षा और बुनियादी ढांचे के विकास कार्य
विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने बताया कि कोसली से विधायक रहते हुए उनका प्रयास क्षेत्र में शिक्षा, सड़क, बिजली, पेयजल, सिंचाई, रेलवे और खेल सुविधाओं का मजबूत आधार तैयार करना रहा। उस समय शुरू कराई गई अनेक बड़ी परियोजनाएं आज पूरी होकर जनता को समर्पित हो रही हैं, जबकि कई परियोजनाओं पर निर्माण कार्य चल रहा है और कुछ जल्द पूरी होने वाली हैं। उन्होंने बताया कि राव बीरेंद्र सिंह कॉलेज, जैनाबाद में करीब 8 करोड़ रुपये की लागत से वर्कशॉप, जाटूसाना कॉलेज के भवन पर करीब 32 करोड़ रुपये, उपतहसील डहीना के भवन पर करीब 8 करोड़ रुपये तथा कोसली बाईपास पर करीब 64 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को उनके कार्यकाल में आगे बढ़ाया गया।
रेलवे और सड़क नेटवर्क को मजबूत करने के लिए करोड़ों के कार्य
रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए कोसली रेलवे फ्लाईओवर के पुनर्निर्माण पर करीब 13.50 करोड़ रुपये, डहीना रेलवे फ्लाईओवर पर करीब 48 करोड़ रुपये तथा कोसली रेलवे स्टेशन के सौंदर्यीकरण पर करीब 14 करोड़ रुपये के कार्य शुरू अथवा स्वीकृत कराए गए। विधायक ने बताया कि मार्केटिंग बोर्ड एवं पंचायत राज के माध्यम से 97 नई सड़कों का निर्माण तथा 115 सड़कों की मरम्मत के कार्य कराए गए। इन कार्यों पर करीब 250 करोड़ रुपये की राशि खर्च/स्वीकृत हुई। इसी प्रकार हर घर जल-नल योजना के तहत करीब 200 करोड़ रुपये के कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को मजबूत किया गया।
बिजली, सिंचाई और खेल सुविधाओं से जुड़े विकास कार्य
उन्होंने बताया कि बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 12 नए 33 केवी सब-स्टेशन तथा कोसली एवं बेरली में दो सब-डिवीजन कार्यालयों से संबंधित करीब 155.50 करोड़ रुपये के कार्य किए गए। वहीं सिंचाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नहरों के पुनर्निर्माण पर करीब 190 करोड़ रुपये के कार्यों को आगे बढ़ाया गया। विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने कंवाली में हॉकी खिलाड़ियों के लिए बनने वाले एस्ट्रोटर्फ का विशेष उल्लेख करते हुए बताया कि इस महत्वपूर्ण खेल परियोजना की प्रक्रिया भी उनके कोसली विधायक कार्यकाल के दौरान शुरू कराई गई थी। इसके लिए आवश्यक भूमि की व्यवस्था की प्रक्रिया भी उसी दौरान आगे बढ़ाई गई।
कोसली क्षेत्र से आत्मीय रिश्ता और संगठन को मजबूत करने पर जोर
लक्ष्मण सिंह यादव ने कहा कि कोसली मेरा घर है और यहां के लोगों से मेरा पुराना और आत्मीय रिश्ता है। अब मैं महीने में कम से कम एक बार कोसली क्षेत्र में उपस्थित रहूंगा और कार्यकर्ताओं व आमजन से संवाद करूंगा। पार्टी और संगठन ने मुझे जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसके अनुरूप संगठन को और अधिक मजबूत करने के लिए कोसली क्षेत्र में भी लगातार सक्रिय रहूंगा। उन्होंने कहा कि आज वे रेवाड़ी विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, लेकिन कोसली की जनता ने उन्हें जो प्यार, सम्मान और अवसर दिया है, उसे वे कभी नहीं भूल सकते। इस अवसर पर सत्यदेव यादव, हल्लू, सरपंच पिंकी यादव, उनके पति जीना सिंह, दादा जयपाल, संतोष, टुटू, प्रताप सिंह, प्रशांत, उमेश बाबू, अजित जेलदार, सत्यप्रकाश तथा डॉ. अमन सहित अनेक गणमान्य लोग एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।