रेवाड़ी के सेक्टर-3 में लोक सेवा मंच के मेगा मिशन जनसंपर्क अभियान को मिला भरपूर समर्थन

अटल हिन्द / मनोज गोयल
रेवाड़ी, 6 अगस्त: स्थानीय सेक्टर-3 के निवासियों ने राष्ट्रीय सामाजिक संगठन लोक सेवा मंच के मेगा मिशन जनसंपर्क अभियान को भरपूर समर्थन दिया है। स्थानीय हरनारायण पैलेस के सामने ग्रीन बेल्ट पार्क में आयोजित बैठक में सेक्टरवासियों ने जनहित में उठाए जा रहे सामाजिक मुद्दों पर सरकार से तुरंत कार्रवाई करने का जोरदार आग्रह किया।
बैठक में पारित हुए कई अहम प्रस्ताव
हेल्थ एक्सपर्ट एवं सेक्टरवासी विक्रम सोनी के बुलावे पर हुई इस बैठक की अध्यक्षता सामाजिक कार्यकर्ता देशराज यादव ने की। बैठक में मुख्य वक्ता बनकर पहुंचे राष्ट्रीय प्रगतिशील विचारक अशोक प्रधान लोक सेवा मंच तथा कोर कमेटी के सदस्य बीके राम सिंह, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, जगमोहन यदुवंशी, विजय सिंह यादव का सेक्टरवासियों ने स्वागत किया। सेक्टरवासियों ने कहा कि वे विगत करीब 7 माह से लगातार चल रही लोक सेवा मंच की जनहितकारी मुहिम का जोरदार समर्थन करते हैं।
महिलाओं और सीनियर सिटीजंस के लिए उठी मांगें
लोगों ने कहा कि महिलाओं को हर क्षेत्र में 50 फीसदी आरक्षण तुरंत प्रदान करने की मांग बहुत व्यावहारिक और समयानुकूल है। सामाजिक न्याय के तहत सरकार को इस मांग पर तुरंत विचार करना चाहिए। सीनियर सिटीजंस के जो मसाले उठाए जा रहे हैं, उनके समाधान की तत्काल आवश्यकता हैं। सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किए गए कि सरकार को सीनियर सिटीजंस को ट्रेन-बस-एरोप्लेन के किराए में 70फ़ीसदी रियायत, सीनियर सिटीजन रेजिडेंशियल सेक्टर बनाने, सीनियर सिटीजन प्रोटोकॉल लागू करने तथा सीनियर सिटीजन हेल्पलाइन चलाने पर तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।
रोजगार और सेक्टर की समस्याओं पर जोर
हेल्थ एमरजैंसीज के कारण बढ़ती मौतों पर विराम लगाने के लिए फर्स्टएड सेंटर्स खोलने चाहिए। राष्ट्रीय रोजगार नीति बनाने, पहला रोजगार मिलने तक बेरोजगार आवेदनकर्ताओं से किसी भी प्रकार की आवेदन फीस नहीं लेने तथा जॉब वैकेंसीज को नियत समय पर भरे जाने के लिए जॉब कैलेंडर घोषित करने पर भी सरकार को तत्काल कदम उठाने चाहिएं। लोगों ने बताया कि सेक्टर में बंदरों का भारी आतंक फैला हुआ है, लोग बहुत परेशान हैं जिस पर उपायुक्त, नगर परिषद को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।
अभियान रहेगा जारी
राष्ट्रीय प्रगतिशील विचारक एवं सामाजिक कार्यकर्ता अशोक प्रधान ने कहा कि लोकशाही में सरकार-प्रशासन को जनता-जनार्दन की मांगों पर संवेदनशीलता से काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जन समस्याओं का समाधान होने तक मेगा मिशन जनसंपर्क अभियान जारी रहेगा। अभियान को लोगों का जोरदार समर्थन मिल रहा है। इस सिलसिले में मुख्यमंत्री को पत्र लिखा जाएगा।